UPSC प्रीलिम्स का रिजल्ट जारी, 13,343 अभ्यर्थी मुख्य परीक्षा के लिए चयनित

Astitva Times Desk
2 Min Read

 

नई दिल्ली। संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) ने सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा (CSE Prelims) 2026 का परिणाम घोषित कर दिया है। परीक्षा में शामिल लाखों अभ्यर्थियों का इंतजार आखिरकार समाप्त हो गया। आयोग ने सफल उम्मीदवारों के रोल नंबरों की सूची अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर जारी कर दी है। इस वर्ष कुल 13,343 अभ्यर्थी प्रारंभिक परीक्षा में सफल होकर मुख्य परीक्षा के लिए चयनित हुए हैं।

आयोग के अनुसार, प्रारंभिक परीक्षा में सफल घोषित उम्मीदवार अब सिविल सेवा मुख्य परीक्षा (UPSC CSE Mains 2026) में शामिल हो सकेंगे। यूपीएससी के परीक्षा कार्यक्रम के मुताबिक मुख्य परीक्षा का आयोजन 21 अगस्त 2026 से किया जाएगा। मुख्य परीक्षा में शामिल होने के लिए अभ्यर्थियों को डिटेल्ड एप्लीकेशन फॉर्म (DAF) भरना अनिवार्य होगा। आयोग द्वारा निर्धारित समय सीमा के भीतर DAF जमा करने वाले उम्मीदवार ही मुख्य परीक्षा में बैठने के पात्र होंगे। DAF में अभ्यर्थियों को अपनी शैक्षणिक योग्यता, व्यक्तिगत विवरण, सेवा वरीयता तथा अन्य आवश्यक जानकारियां भरनी होंगी।

UPSC ने उम्मीदवारों को सलाह दी है कि वे आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर नियमित रूप से नजर बनाए रखें और मुख्य परीक्षा से संबंधित सभी निर्देशों का पालन करें।

ऐसे देखें रिजल्ट
अभ्यर्थी UPSC की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर जारी PDF में अपना रोल नंबर खोजकर परिणाम देख सकते हैं।
रिजल्ट चेक करने के लिए आधिकारिक वेबसाइट:
upsc.gov.in

गौरतलब है कि सिविल सेवा परीक्षा देश की सबसे प्रतिष्ठित प्रतियोगी परीक्षाओं में शामिल है। इसके माध्यम से भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS), भारतीय पुलिस सेवा (IPS), भारतीय विदेश सेवा (IFS) सहित विभिन्न केंद्रीय सेवाओं के लिए अधिकारियों का चयन किया जाता है। अब प्रीलिम्स में सफल अभ्यर्थियों की निगाहें मुख्य परीक्षा पर टिकी हैं, जो चयन प्रक्रिया का सबसे महत्वपूर्ण चरण माना जाता है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!