बूथ से बनेगी जीत की नींव: रायपुर विधानसभा में कांग्रेस ने 214 बूथों पर BLA-2 की फौज उतारी, SIR अभियान को मिशन मोड में सफल बनाने का आह्वान
देहरादून। आगामी विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों को लेकर कांग्रेस ने रायपुर विधानसभा क्षेत्र में बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-SIR) अभियान को प्रभावी बनाने के लिए अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में रायपुर स्थित एक होटल में रायपुर विधानसभा क्षेत्र के BLA-2 (बूथ लेवल एजेंट) कार्यकर्ताओं का प्रशिक्षण एवं संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में बूथ प्रबंधन, मतदाता सूची के पुनरीक्षण, पात्र मतदाताओं के नामों की सुरक्षा, संगठनात्मक मजबूती और आगामी चुनावी रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम में उपस्थित कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट संदेश दिया कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए मतदाता सूची का शुद्ध और त्रुटिरहित होना अत्यंत आवश्यक है। इसके लिए प्रत्येक बीएलए को पूरी जिम्मेदारी, सतर्कता और समर्पण के साथ कार्य करना होगा, ताकि कोई भी पात्र मतदाता अपने संवैधानिक अधिकार से वंचित न रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक मनोज रावत ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) केवल एक प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि लोकतंत्र की बुनियाद को मजबूत करने का महत्वपूर्ण अभियान है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक BLA मिशन मोड में कार्य करते हुए निर्वाचन अधिकारियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करे तथा मतदाता सूची के प्रत्येक बिंदु पर पूरी निगरानी रखे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे अपने-अपने बूथों पर घर-घर संपर्क कर प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम सूची में सुनिश्चित करें और किसी भी पात्र नागरिक का नाम कटने न पाए। उन्होंने कहा कि मजबूत बूथ संगठन ही चुनावी जीत का सबसे बड़ा आधार होता है।
कार्यक्रम के संयोजक एवं प्रदेश महामंत्री महेंद्र सिंह नेगी ‘गुरुजी’ ने बताया कि कांग्रेस ने रायपुर विधानसभा क्षेत्र के सभी 214 बूथों पर BLA-2 की नियुक्ति कर संगठनात्मक दृष्टि से एक महत्वपूर्ण लक्ष्य हासिल कर लिया है। उन्होंने कहा कि अधिकांश बूथों पर मतदाता सहायता केंद्र भी स्थापित किए जा रहे हैं, जहां मतदाताओं को नाम जोड़ने, संशोधन कराने और अन्य निर्वाचन संबंधी प्रक्रियाओं में आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का उद्देश्य केवल चुनाव लड़ना नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूत करना और प्रत्येक मतदाता के अधिकार की रक्षा करना है।
जनपद के मास्टर ट्रेनर अखिलेश उनियाल ने उपस्थित बीएलए कार्यकर्ताओं को SIR प्रक्रिया की तकनीकी और कानूनी बारीकियों से अवगत कराया। उन्होंने मतदाता सूची के पुनरीक्षण की पूरी प्रक्रिया को विस्तार से समझाते हुए कहा कि प्रत्येक BLA अपने बूथ की मतदाता सूची का सूक्ष्म परीक्षण करे और पूरी सजगता के साथ यह सुनिश्चित करे कि किसी भी पात्र मतदाता का नाम किसी भी कारण से सूची से न हटे। उन्होंने कहा कि बीएलए की सक्रियता और जागरूकता ही इस अभियान की सफलता की कुंजी है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश महामंत्री राजेन्द्र भंडारी ने कहा कि उत्तराखंड की जनता अब बदलाव का मन बना चुकी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की ‘सत्ता परिवर्तन संकल्प यात्रा’ को पूरे प्रदेश में व्यापक जनसमर्थन मिल रहा है और भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ जनता का आक्रोश लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर पर अधिक सक्रिय होकर जनता के बीच कांग्रेस की नीतियों और विचारों को पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने विश्वास जताया कि कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के सहयोग से आगामी चुनाव में प्रदेश में सत्ता परिवर्तन निश्चित होगा।
कार्यक्रम के दौरान संगठन को बूथ स्तर तक सशक्त बनाने, मतदाता सूची की शुद्धता बनाए रखने, प्रत्येक पात्र मतदाता तक पहुंच सुनिश्चित करने तथा आगामी चुनावों के लिए मजबूत चुनावी तंत्र तैयार करने को लेकर विस्तृत रणनीति पर चर्चा की गई। साथ ही बीएलए कार्यकर्ताओं को उनके दायित्वों और जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करते हुए पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ कार्य करने का संकल्प दिलाया गया। इस अवसर पर सूरत सिंह नेगी, विनीत प्रसाद भट्ट (बंटू), जसविंदर गोगी, शीशपाल बिष्ट, पार्षद अमित भंडारी, रॉबिन त्यागी, महेंद्र रावत, विनीत डोभाल, ब्लॉक अध्यक्ष सरिता बिष्ट, संजय उनियाल, BLA-1 सतेंद्र पंवार, जितेंद्र बिष्ट, तेजेन्द्र रावत, सौरव उनियाल, सुलेमान अली, सिद्धार्थ अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, वरिष्ठ नेता एवं बीएलए कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन महेंद्र सिंह नेगी ‘गुरुजी’ ने किया। अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने संकल्प लिया कि वे बूथ स्तर पर संगठन को और अधिक सशक्त बनाते हुए विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान को सफल बनाएंगे तथा लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेंगे।











