कैंट बोर्ड उपाध्यक्ष पंवार ने कार्यकर्ताओं संग सुना “मन की बात” का 135वां संस्करण

3

 

देहरादून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय मासिक कार्यक्रम “मन की बात” के 135वें संस्करण का रविवार को प्रेमनगर क्षेत्र में उत्साहपूर्ण आयोजन किया गया। गढ़ी कैंट बोर्ड के उपाध्यक्ष एवं वरिष्ठ भाजपा नेता विनोद पंवार ने भाजपा कार्यकर्ताओं और क्षेत्रवासियों के साथ कार्यक्रम को सामूहिक रूप से सुना। इस दौरान राष्ट्र निर्माण, जनभागीदारी और सामाजिक चेतना के संदेशों पर विस्तार से चर्चा भी हुई।

इस अवसर पर विनोद पंवार ने कहा कि “मन की बात” केवल एक रेडियो कार्यक्रम नहीं, बल्कि देश के करोड़ों नागरिकों को सकारात्मक सोच, सामाजिक जिम्मेदारी और राष्ट्रहित के कार्यों से जोड़ने वाला जनआंदोलन बन चुका है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार देश के अनसुने नायकों, नवाचारों, पर्यावरण संरक्षण, युवा शक्ति, महिला सशक्तिकरण और जनसेवा के प्रेरक उदाहरणों को सामने लाकर समाज में नई ऊर्जा का संचार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं और क्षेत्रवासियों के साथ कार्यक्रम सुनना उनके लिए गौरव का विषय है। ऐसे आयोजन संगठन और समाज के बीच संवाद को और मजबूत करते हैं तथा राष्ट्रहित के कार्यों में जनभागीदारी बढ़ाने की प्रेरणा देते हैं।

कार्यक्रम के सफल आयोजन पर विनोद पंवार ने वार्ड संख्या 1, 134 एवं 135 की बूथ अध्यक्षाओं एवं सभी कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए कहा कि संगठन की मजबूती कार्यकर्ताओं की सक्रियता और समर्पण से ही संभव है। उन्होंने सभी से केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और प्रधानमंत्री के सकारात्मक संदेशों को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता, महिला शक्ति, युवा मोर्चा के सदस्य तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। पूरे आयोजन के दौरान उत्साहपूर्ण वातावरण देखने को मिला।