देहरादून/हरिद्वार। हरिद्वार जिले के श्यामपुर थाना क्षेत्र में आज सुबह एक भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा 4.2 फ्लाईओवर के पास उस समय हुआ, जब टनकपुर डिपो की उत्तराखंड रोडवेज बस और एक पिकअप वाहन की आमने -सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए और घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के बाद आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। सूचना मिलते ही श्यामपुर थाना पुलिस, एंबुलेंस और राहत- बचाव दल घटनास्थल पर पहुंचा। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को वाहनों से बाहर निकालकर तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
तीन लोगों की मौत
पुलिस के अनुसार हादसे में अब तक तीन लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। मृतकों में शामिल हैं—
अहान (18) पुत्र शराफत, निवासी बढ़ापुर, नजीबाबाद
फहीम (35) पुत्र अमानत
एक अन्य व्यक्ति, जिसकी पहचान की प्रक्रिया जारी है।
पुलिस का कहना है कि तीसरे मृतक की पहचान होने के बाद आधिकारिक जानकारी जारी की जाएगी। हादसे में घायल हुए लोगों की पहचान इस प्रकार हुई है—
सोहने लाल (25) पुत्र राम रईस, निवासी रीठ मानसिंह, हरदोई
शराफत (42) पुत्र सरमद, निवासी बढ़ापुर, नजीबाबाद
शबाना (35) पत्नी शराफत, निवासी बढ़ापुर, नजीबाबाद
अनु (18) पुत्र मेहंदी हसन, निवासी बढ़ापुर, नजीबाबाद
समीम (42) पुत्र हसीनुद्दीन, निवासी बिजनौर
सभी घायलों का अस्पताल में उपचार चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार कुछ घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है।
इस हादसे की सबसे मार्मिक तस्वीर यह है कि हादसे में जान गंवाने वाले अहान के माता- पिता शराफत और शबाना भी गंभीर रूप से घायल हैं। दोनों अस्पताल में भर्ती हैं और उनका इलाज जारी है। परिवार पर एक साथ टूटी इस त्रासदी ने सभी को झकझोर दिया है।प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसा आमने-सामने की टक्कर के कारण हुआ। हालांकि दुर्घटना किस वजह से हुई, इसकी जांच पुलिस कर रही है। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जबकि घायलों के परिजनों को सूचना दे दी गई है। हादसे के बाद कुछ समय तक मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा। बाद में पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सुचारु कराया। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से दुर्घटना के कारणों की निष्पक्ष जांच कराने और सड़क सुरक्षा के प्रभावी इंतजाम करने की मांग की है।











