रिवर्स हो रही टियागो में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने मारी टक्कर
देहरादून। उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के रामपुर मनिहारान थाना क्षेत्र में दिल्ली–देहरादून एक्सप्रेसवे पर नानौता कट के पास हुए भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, टाटा टियागो कार का चालक एक्सप्रेसवे पर वाहन को रिवर्स कर रहा था। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रही स्कॉर्पियो ने कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि टियागो के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोगों में चीख पुकार मच गई। हादसे में मृतकों की पहचान प्रवीण (40 वर्ष), उनकी पत्नी प्रीति (37 वर्ष), मां सुदेश और 9 वर्षीय बेटे शिवांश के रूप में हुई है। सभी मृतक हरियाणा के सोनीपत जिले के बहादुरगढ़ क्षेत्र के मंडौरा गांव के निवासी बताए गए हैं। परिवार के तीन अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हैं, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचा। घायलों को तत्काल अस्पताल भेजा गया, जबकि शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है और एक्सप्रेसवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि एक्सप्रेसवे पर किसी भी स्थिति में वाहन को रिवर्स न करें। यदि निर्धारित निकास (एग्जिट) छूट जाए तो अगले एग्जिट से बाहर निकलकर सुरक्षित मार्ग अपनाएं, क्योंकि एक्सप्रेसवे पर रिवर्सिंग करना बेहद खतरनाक और यातायात नियमों के विरुद्ध है।











