राजधानी के प्रमुख व्यापारियों की संयुक्त बैठक संपन्न, विभिन्न मुद्दों पर हुई चर्चा

Astitva Times Desk
7 Min Read

 

देहरादून के प्रमुख बाजारों के 600 से अधिक व्यापारी एक मंच पर आए, गीता भवन में संयुक्त बैठक में बाजारों की समस्याओं पर बनी रणनीति

देहरादून। शहर के प्रमुख बाजारों के व्यापारियों की संयुक्त बैठक रविवार को गीता भवन में आयोजित की गई। बैठक में देहरादून के विभिन्न बाजारों के व्यापारी प्रतिनिधियों ने भाग लेकर बाजारों से जुड़ी समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की तथा उनके समाधान के लिए शासन एवं प्रशासन के समक्ष संयुक्त रूप से आवाज उठाने का सर्वसम्मति से निर्णय लिया।बैठक में तिलक रोड, हनुमान चौक, झंडा बाजार, अजीत प्रसाद मार्ग, अखाड़ा बाजार, बाबूगंज, पीपल मंडी, गुरु राम राय बाजार, रामलीला बाजार, दर्शनी गेट, बाबूगंज व्यापार मंडल सहित शहर के प्रमुख बाजारों के प्रतिनिधियों की उल्लेखनीय भागीदारी रही।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक एवं कैबिनेट मंत्री खजान दास उपस्थित रहे। बैठक की अध्यक्षता दून उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष विपिन नागलिया ने की, जबकि कार्यवाहक अध्यक्ष सिद्धार्थ अग्रवाल ने व्यापारियों को एकजुट होकर व्यापारिक हितों के लिए कार्य करने का आह्वान किया। बैठक में व्यापारियों ने शहर के बाजारों में सार्वजनिक शौचालयों की कमी, साफ- सफाई की बदहाल व्यवस्था, पार्किंग की समस्या, अवैध ठेलियों का संचालन, अनियंत्रित ई-रिक्शा संचालन, बढ़ते ट्रैफिक जाम तथा सुरक्षा व्यवस्था जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। सभी व्यापारिक संगठनों ने इन समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित विभागों एवं अधिकारियों से मुलाकात करने का निर्णय लिया।

दून उद्योग व्यापार मंडल के महामंत्री सुनील मैसोन ने कहा कि संगठन पिछले कई वर्षों से व्यापारियों के हितों की रक्षा के लिए निरंतर कार्य करता आया है और भविष्य में भी पूरी मजबूती से व्यापारियों के साथ खड़ा रहेगा। उन्होंने कहा कि दून उद्योग व्यापार मंडल शहर का सबसे पुराना एवं व्यापक व्यापारिक संगठन है, जिससे देहरादून और आसपास के क्षेत्रों के व्यापारी एवं उद्योग जगत के प्रतिष्ठित लोग जुड़े हुए हैं। वीरेश जैन ने कहा कि व्यापारी वर्ग देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है और सरकार के राजस्व में सबसे अधिक योगदान देता है। उन्होंने कहा कि व्यापारी जीएसटी, आयकर सहित सभी प्रकार के करों का ईमानदारी से भुगतान करता है, इसलिए व्यापारियों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान होना चाहिए।

संयुक्त बाजार व्यापार संघ के अध्यक्ष राजीव अग्रवाल ने बताया कि एक वर्ष पूर्व गठित संगठन का उद्देश्य व्यापारियों के बीच भाईचारा बढ़ाना, एक- दूसरे के सुख-दुख में सहभागी बनना तथा बाजारों की समस्याओं का सामूहिक समाधान करना था, जिसमें संगठन पूरी तरह सफल रहा है।महासचिव इंदर भटिया ने संगठन की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए वर्षभर में किए गए विभिन्न कार्यों एवं उपलब्धियों की जानकारी दी। कोषाध्यक्ष नितेश मेहता ने कहा कि बाजारों में सार्वजनिक शौचालयों की पर्याप्त व्यवस्था होना अत्यंत आवश्यक है।उन्होंने बताया कि ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए शीघ्र ही संयुक्त बाजार व्यापार संघ का प्रतिनिधिमंडल एसपी ट्रैफिक से मुलाकात करेगा। संरक्षक सुधीर कुमार जैन, परवीन जैन एवं नरेश गुप्ता ने संगठन के उत्कृष्ट कार्यों को देखते हुए वर्तमान कार्यकारिणी को आगामी एक वर्ष के लिए पुनर्गठित करने का प्रस्ताव रखा, जिसे उपस्थित सदस्यों ने ध्वनिमत से सर्वसम्मति से पारित कर दिया।

जगमोहन रावत ने कहा कि संयुक्त बाजार व्यापार संघ के गठन से विभिन्न बाजारों के बीच समन्वय और एकता मजबूत हुई है, जिसके परिणामस्वरूप शासन-प्रशासन के समक्ष व्यापारियों की समस्याओं को प्रभावी ढंग से रखा जा सका है। नरेश गुप्ता ने कहा कि तिलक रोड व्यापार संघ भविष्य में भी संयुक्त बाजार व्यापार संघ के साथ पूरी मजबूती से खड़ा रहेगा और हर संघर्ष में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएगा। गोपाल गुप्ता ने कहा कि सब्जी मंडी क्षेत्र में नगर निगम द्वारा की जा रही सफाई व्यवस्था पिछले 8-10 दिनों से प्रभावित है। इस पर निर्णय लिया गया कि संयुक्त बाजार व्यापार संघ का प्रतिनिधिमंडल शीघ्र ही महापौर एवं नगर निगम अधिकारियों से मिलकर समस्या का समाधान कराएगा।

कुलभूषण अग्रवाल ने बाजारों में अव्यवस्थित रूप से संचालित ई-रिक्शों, सार्वजनिक शौचालयों की कमी तथा बढ़ती चोरी की घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए पुलिस प्रशासन से व्यापारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की। बैठक में निर्णय लिया गया कि दून उद्योग व्यापार मंडल एवं संयुक्त बाजार व्यापार संघ का प्रतिनिधिमंडल वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से मिलकर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की मांग करेगा।दीपक गुप्ता ने कहा कि सभी व्यापारी एकजुट होकर संगठन के साथ मजबूती से खड़े हैं और हर समस्या का समाधान सामूहिक प्रयासों से किया जाएगा। आनंद गर्ग ने कहा कि कुछ समय पूर्व बाजार क्षेत्र में लागू की गई वन-वे यातायात व्यवस्था सफल रही थी, जिससे ट्रैफिक जाम में काफी कमी आई थी। उन्होंने प्रशासन के सहयोग से सभी बाजारों के समन्वय से इस व्यवस्था को पुनः लागू करने का सुझाव दिया। बैठक में परवीन जैन, जसवंत राय एवं विशाल अग्रवाल सहित अनेक वरिष्ठ व्यापारी नेताओं की गरिमामयी उपस्थिति रही।

कार्यक्रम में सुमित गुप्ता, अमोल, दीपक पटेल, मोहित, मनीष, आनंद, प्रवीण, जसवंत, महेंद्र, अशोक, संजीव गुप्ता, नितिन, सागर, अनुराग, आदेश, सतीश, अनमोल, आशु, अंकुर, मनोज, आशीष, विजय, मोनू, सुरेंद्र कपूर, प्रदीप वर्मा, ओजस्वी, नवीन, मनमोहन, सिद्धार्थ, लालचंद, अंशुल, ढींगरा, रोशन राणा, अमित जैन, हंसराज गुप्ता, योगेश अग्रवाल, मनीष गुप्ता, मयंक, सुमित सहित विभिन्न व्यापारिक संगठनों के लगभग 500 से 600 व्यापारी उपस्थित रहे। बैठक का समापन इस संकल्प के साथ हुआ कि शहर के सभी बाजारों की समस्याओं के समाधान के लिए संयुक्त बाजार व्यापार संघ आगे भी एकजुट होकर व्यापारियों की आवाज को शासन और प्रशासन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाता रहेगा।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!