देहरादून। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश से प्रभावित ग्रामीण क्षेत्रों का हाल जानने के लिए कांग्रेस नेता सुमेन्द्र सिंह बोहरा (सुशांत) ने सरोना न्याय पंचायत एवं गलजवाड़ी क्षेत्र के विभिन्न आपदा प्रभावित गाँवों का दौरा किया।इस दौरान उन्होंने डोम गाँव, सपेरा बस्ती, मकड़ेती गाँव, डुंगाल गाँव, बसवाल गाँव, चमाशारी, शेरा गाँव, कंपनीबाग, खेतवाला सहित कई अन्य प्रभावित क्षेत्रों में पहुँचकर ग्रामीणों से मुलाकात की, उनकी समस्याओं को सुना और आपदा से हुए नुकसान का जायज़ा लिया।
इस दौरान ग्रामीणों ने सुमेन्द्र सिंह बोहरा को भारी वर्षा के कारण क्षतिग्रस्त सड़कों, बाधित आवागमन, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं तथा दैनिक आवश्यकताओं से जुड़ी गंभीर समस्याओं से अवगत कराया। कई स्थानों पर सड़कें क्षतिग्रस्त होने से लोगों का संपर्क मुख्य मार्गों से कट गया है, जिससे स्कूली बच्चों, मरीजों और आम नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
कांग्रेस नेता सुमेन्द्र सिंह बोहरा ने सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि हर वर्ष बरसात के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में एक जैसी समस्याएं सामने आना इस बात का प्रमाण है कि बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में प्रभावी प्रयास नहीं किए गए हैं। उन्होंने कहा कि आपदा ने एक बार फिर ग्रामीण क्षेत्रों में विकास की वास्तविक तस्वीर सामने रख दी है, जहां आज भी सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य मूलभूत सुविधाओं का अभाव स्पष्ट दिखाई देता है।
उन्होंने कहा कि यह अत्यंत चिंताजनक है कि क्षेत्र का प्रतिनिधित्व लगातार तीन कार्यकाल से एक ही विधायक द्वारा किए जाने के बावजूद भी सरोना न्याय पंचायत एवं आसपास के गांव अपेक्षित विकास से वंचित हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर इन दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों को विकास योजनाओं में पर्याप्त प्राथमिकता क्यों नहीं दी गई। उनका कहना था कि लोकतंत्र में प्रत्येक नागरिक समान अधिकार रखता है और हर गांव तक गुणवत्तापूर्ण सड़क, स्वास्थ्य सेवाएं, शिक्षा तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं पहुंचाना सरकार की जिम्मेदारी है।
सुमेन्द्र सिंह बोहरा ने आश्वासन दिया कि क्षेत्रवासियों की समस्याओं को संबंधित विभागों और सरकार के समक्ष मजबूती से उठाया जाएगा तथा प्रभावित गांवों में राहत एवं पुनर्वास कार्यों में तेजी लाने की मांग की जाएगी। उन्होंने कहा कि भविष्य में जनता का आशीर्वाद मिलने पर ग्रामीण क्षेत्रों में मजबूत सड़क संपर्क, टिकाऊ आधारभूत ढांचे का निर्माण और सभी आवश्यक सुविधाओं का विस्तार उनकी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा, ताकि किसी भी गांव को विकास से वंचित न रहना पड़े।
उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील करते हुए कहा कि लगातार हो रही वर्षा के दौरान पूरी सतर्कता बरतें, अनावश्यक यात्रा से बचें और किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए एक-दूसरे की सहायता करें। उन्होंने विश्वास जताया कि सामूहिक सहयोग और प्रभावी प्रशासनिक प्रयासों से आपदा की इस चुनौती का मजबूती से सामना किया जा सकता है।













