दून पुलिस ने विभिन्न क्षेत्रों से 17 फरार वारंटियों को किया गिरफ्तार

6

 

एसएसपी के निर्देश पर जिलेभर में चला सघन अभियान, अलग-अलग थाना क्षेत्रों से दबोचे गए न्यायालय से वांछित वारंटी

देहरादून। न्यायालय से जारी गैर-जमानती वारंटों की शत-प्रतिशत तामीली को लेकर दून पुलिस ने अभियान तेज कर दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत पुलिस ने जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए विभिन्न मामलों में फरार चल रहे 17 वारंटी अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद लंबे समय से लंबित गैर-जमानती वारंटों की तामीली को लेकर थाना स्तर पर सक्रियता और बढ़ गई है।

एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में न्यायालय से प्राप्त लंबित वारंटों की समीक्षा करते हुए प्राथमिकता के आधार पर गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। निर्देश मिलते ही पुलिस टीमों ने वारंटियों की तलाश में उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दी और अलग-अलग स्थानों से 17 वारंटियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार किए गए वारंटी क्लेमेंट टाउन, नेहरू कॉलोनी, प्रेमनगर, पटेलनगर, सहसपुर, कोतवाली नगर, राजपुर, रायपुर सहित विभिन्न थाना क्षेत्रों से संबंधित हैं।

 

इन 17 वारंटियों पर कसा पुलिस का शिकंजा
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में
मोहन थापा निवासी नई बस्ती क्लेमेंट टाउन,
लियाकत निवासी बड़ा भारूवाला क्लेमेंट टाउन,
वीर सिंह जाट निवासी दीप नगर नेहरू कॉलोनी,
ललित कुमार निवासी मोकमपुर खुर्द,
ललित कुमार निवासी शास्त्रीनगर खाला,
आशा गुरुंग निवासी उमेदपुर ठाकुरपुर प्रेमनगर,
सरोजनी कैन्तुरा निवासी स्मिथ नगर राघव विहार प्रेमनगर,
सविता निवासी जनरल विंग प्रेमनगर,
रामपाल सिंह निवासी पूरण बस्ती भाग-2 संजय कॉलोनी,
शादाब निवासी मेहूंवाला पटेलनगर,
उषा देवी निवासी चमनपुरी ब्रह्मपुरी पटेलनगर,
अनिल निवासी सेलाकुई, अलीशाद निवासी ग्राम कल्याणपुर शेरपुर,
अरशद निवासी सिंगल मंडी लक्खीबाग,
गौरव डबराल निवासी बिरगीरवाली राजपुर,
चंद्र मोहन रावत निवासी मंदाकिनी विहार बालावाला और मनोज निवासी राजीव नगर तल्ली कण्डोली रायपुर शामिल हैं। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि न्यायालय से प्राप्त गैर-जमानती वारंटों की तामीली के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। थाना प्रभारियों को लंबित वारंटों पर प्राथमिकता से कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस का लक्ष्य न्यायालय से जारी वारंटों की अधिकतम तामीली सुनिश्चित करते हुए फरार वारंटियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करना है। आने वाले दिनों में भी ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत वारंटियों के खिलाफ सघन अभियान जारी रहने की संभावना है।