मसूरी विधानसभा में संगठन को मजबूत करने की कवायद तेज, नगर एवं ब्लॉक अध्यक्षों को दिए निर्देश
देहरादून। आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर कांग्रेस ने मसूरी विधानसभा क्षेत्र में संगठन को मजबूत करने की तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में नवनियुक्त विधानसभा प्रभारी अमेंद्र बिष्ट ने कांग्रेस भवन में मसूरी नगर, मसूरी ग्रामीण और जाखन ब्लॉक के अध्यक्षों के साथ बैठक कर संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा की। उन्होंने पदाधिकारियों से चुनावी रणनीति को धरातल पर उतारने के लिए अभी से सक्रिय होने का आह्वान किया। बैठक में नगर एवं ब्लॉक अध्यक्षों ने अमेंद्र बिष्ट का स्वागत किया। इस दौरान संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने और कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया गया।

15 दिन में पूरी करें कार्यकारिणियों के गठन की प्रक्रिया
विधानसभा प्रभारी अमेंद्र बिष्ट ने सभी ब्लॉक अध्यक्षों को निर्देश दिए कि आगामी 15 दिनों के भीतर मंडलम, वार्ड और बूथ स्तर की कार्यकारिणियों का गठन सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि चुनाव में प्रभावी भूमिका निभाने के लिए संगठन का जमीनी स्तर पर मजबूत होना आवश्यक है। इसके लिए ब्लॉक अध्यक्ष वरिष्ठ नेताओं, बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) प्रतिनिधियों और बूथ अध्यक्षों के साथ समन्वय बनाकर काम करें।

न्याय यात्रा में अधिक भागीदारी पर जोर
अमेंद्र बिष्ट ने मसूरी विधानसभा क्षेत्र में प्रस्तावित न्याय यात्रा को सफल बनाने के लिए अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि संगठनात्मक कार्यक्रमों में कार्यकर्ताओं की सक्रियता से पार्टी की एकजुटता मजबूत होती है और जनसंपर्क को गति मिलती है। बैठक में जाखन ब्लॉक अध्यक्ष अनूप सक्सेना, मसूरी ग्रामीण ब्लॉक अध्यक्ष रितेश जोशी और मसूरी नगर अध्यक्ष अमित गुप्ता उपस्थित रहे।

चुनावी तैयारियों में जुटें कांग्रेस पदाधिकारी, 15 दिन में गठित करें बूथ कमेटियां: बिष्ट

Leave a Comment