प्रेमनगर ब्लॉक कार्यकारिणी का विस्तार; ‘आप’ छोड़कर आए रणजीत सिंह बने उपाध्यक्ष

Astitva Times Desk
5 Min Read

2027 में भाजपा को सत्ता से बेदखल करने के संकल्प के साथ कांग्रेस ने तेज की संगठनात्मक मजबूती की कवायद, नए चेहरों को सौंपी अहम जिम्मेदारियां

देहरादून। देहरादून कैंट विधानसभा क्षेत्र में आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने अपनी संगठनात्मक सक्रियता तेज कर दी है। इसी क्रम में प्रेमनगर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की कार्यकारिणी का विस्तार एवं पुनर्गठन कर संगठन को नई मजबूती देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। कार्यक्रम में जहां नए साथियों को संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गईं, वहीं आम आदमी पार्टी छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुए रणजीत सिंह का पार्टी परिवार में गर्मजोशी से स्वागत किया गया। उन्हें प्रेमनगर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया।


प्रेमनगर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जितेंद्र तनेजा की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में कांग्रेस नेताओं ने एकजुट होकर आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी को मजबूत स्थिति में पहुंचाने और भाजपा सरकार की नीतियों के खिलाफ जनसंघर्ष तेज करने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ. जसविंदर सिंह गोगी ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि कांग्रेस की विचारधारा, नीतियों और नेतृत्व के प्रति जनता का विश्वास लगातार बढ़ रहा है। विभिन्न राजनीतिक दलों को छोड़कर लोगों का कांग्रेस में शामिल होना इस बात का संकेत है कि जनता अब भाजपा की जनविरोधी नीतियों से परेशान हो चुकी है और बदलाव की उम्मीद कांग्रेस से कर रही है।

डॉ. गोगी ने कहा कि वर्ष 2027 का विधानसभा चुनाव देहरादून कैंट के राजनीतिक भविष्य की दिशा तय करने वाला साबित होगा। भाजपा के कुशासन, बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और क्षेत्र की लगातार हो रही अनदेखी से आम जनता त्रस्त है। जनता अब बदलाव चाहती है और कांग्रेस इस बदलाव की मजबूत आवाज बनकर उभरेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता घर-घर और बूथ-बूथ तक पहुंचकर जनता की समस्याओं को उठाएगा तथा भाजपा की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ मजबूती से आवाज बुलंद करेगा।
उन्होंने नवनियुक्त पदाधिकारियों से संगठन के प्रति पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान करते हुए कहा कि संगठन की असली ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता होते हैं। प्रत्येक पदाधिकारी को अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करते हुए पार्टी की विचारधारा को आमजन तक पहुंचाना होगा।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे प्रेमनगर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जितेंद्र तनेजा ने कहा कि वर्ष 2027 में देहरादून कैंट विधानसभा क्षेत्र में परिवर्तन होकर रहेगा। इस बार की लड़ाई केवल सत्ता परिवर्तन की नहीं, बल्कि जनता के सम्मान, अधिकारों और क्षेत्र के समग्र विकास की लड़ाई होगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पूरी मजबूती, एकजुटता और रणनीति के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी तथा भाजपा को सत्ता से बाहर करने के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेगी।

ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के विस्तार के तहत रणजीत सिंह को ब्लॉक उपाध्यक्ष बनाया गया। इसके अलावा महेंद्र एवं मनीष चावला को महासचिव, तक्ष, जीवन राम, राकेश गंभीर, प्रताप तलवार एवं महेश खन्ना को सचिव तथा मोहन को संगठन सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई।
नवनियुक्त पदाधिकारियों ने पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए संगठन को मजबूत करने, कांग्रेस की नीतियों एवं विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने और आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव में देहरादून कैंट से कांग्रेस की जीत सुनिश्चित करने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करने का संकल्प लिया।
प्रेमनगर ब्लॉक अध्यक्ष जितेन्द्र तनेजा ने कहा कि प्रेमनगर ब्लॉक में संगठन का विस्तार केवल पदों का वितरण नहीं, बल्कि आगामी चुनाव के लिए जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं की मजबूत टीम तैयार करने की पहल है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कांग्रेस कार्यकर्ता जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं को समझकर समाधान के लिए संघर्ष करेगा।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!