काऊ के समर्थन में उतरे हरक सिंह रावत, बोले अगर ऐसा ही चलता रहा तो भुगतना पड़ेगा खामियाजा

MS Malik
By
2 Min Read

देहरादून। रायपुर विधानसभा क्षेत्र से विधायक उमेश शर्मा काऊ से जुड़ा विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। जहां एक और खुद विधायक उमेश शर्मा काऊ आज मीडिया के माध्यम से अपने दर्द को बयां कर चुके हैं तो वही कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत उमेश शर्मा के समर्थन में आ गए हैं।

इसी क्रम में रायपुर से भाजपा के विधायक उमेश शर्मा काऊ के मामले में हरक सिंह रावत ने बड़ा बयान दिया है। हरक सिंह रावत ने विधायक के साथ हुई बदसलूकी के मामले को लेकर राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा गृह मंत्री अमित शाह और पार्टी प्रदेश प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम और प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक से बातचीत भी की है।

हरक सिंह रावत ने कहा कि साल 2016 में जो नेता भाजपा में शामिल हुए हैं उन नेताओं का भाजपा में सम्मान नहीं हो रहा है यही नहीं, इन नेताओ के ऊपर प्रेशर बनाया जा रहा है ताकि ये सभी नेता भाजपा को छोड़ दें। हरक सिंह रावत ने कहा कि विधायक उमेश शर्मा काऊ अकेले नहीं है हम सब लोग उमेश शर्मा के साथ है जो 2016 में कांग्रेस छोड़ भाजपा में शामिल हुए थे। 2016 में सभी लोग पार्टी में सम्मान की शर्त पर शामिल हुए थे। लेकिन अब इन सभी नेताओं का सम्मान नही हो रहा है।

हरक सिंह रावत ने कहा कि अगर ऐसा ही पार्टी में चलता रहा तो इसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा। पार्टी छोड़ने के लिए कुछ लोगों द्वारा प्रेशर बनाया जा रहा है। हरक सिंह रावत ने खुलेआम चेतावनी देते हुए कहा कि जो लोग बदनाम करने और पार्टी छोड़ने का प्रेशर बना रहे है उनको पता चल जाएगा। आपको बता दें कि, साल 2016 में पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा के नेतृत्व में 11 नेता कांग्रेस का दामन छोड़ भाजपा में शामिल हुए थे जिसमें से कई नेता वर्तमान सरकार में कैबिनेट मंत्री का दर्जा संभाल रहे हैं।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!