AIIMS में नर्सिंग ऑफिसर के 2,218 पदों पर भर्ती, 13 अगस्त तक आवेदन

5

 

नई दिल्ली। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) ने नर्सिंग ऑफिसर रिक्रूटमेंट कॉमन एलिजिबिलिटी टेस्ट (NORCET-11) के तहत 2,218 नर्सिंग ऑफिसर पदों पर भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थी 13 अगस्त 2026 शाम 5 बजे तक आवेदन कर सकते हैं।

AIIMS द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, यह भर्ती देशभर के विभिन्न AIIMS संस्थानों एवं संबद्ध स्वास्थ्य संस्थानों में नर्सिंग ऑफिसर पदों को भरने के लिए आयोजित की जा रही है। भर्ती प्रक्रिया के लिए ऑनलाइन आवेदन 24 जुलाई 2026 से शुरू हो चुके हैं। भर्ती कार्यक्रम के अनुसार अभ्यर्थियों की परीक्षा सिटी स्लिप 3 सितंबर 2026 को जारी की जाएगी, जबकि एडमिट कार्ड 9 सितंबर 2026 को उपलब्ध होंगे।

NORCET-11 की प्रथम चरण (प्रीलिम्स) परीक्षा 12 सितंबर 2026 को आयोजित होगी। इसमें सफल अभ्यर्थियों को 30 सितंबर 2026 को होने वाली द्वितीय चरण (मुख्य) परीक्षा में शामिल होने का अवसर मिलेगा। पदों के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास बीएससी नर्सिंग, पोस्ट बेसिक बीएससी नर्सिंग अथवा जीएनएम (GNM) सहित निर्धारित शैक्षणिक योग्यता होना आवश्यक है। साथ ही भारतीय नर्सिंग परिषद (INC) या राज्य नर्सिंग परिषद में पंजीकरण अनिवार्य रहेगा। विस्तृत पात्रता संबंधी जानकारी अभ्यर्थी आधिकारिक अधिसूचना में देख सकते हैं।

चयनित अभ्यर्थियों को सातवें वेतन आयोग के तहत लेवल-7 के अनुसार वेतनमान प्रदान किया जाएगा। इसके अलावा अन्य सरकारी भत्तों एवं सुविधाओं का लाभ भी मिलेगा। AIIMS ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें। आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से स्वीकार किए जाएंगे। अधिक जानकारी एवं आवेदन के लिए अभ्यर्थी AIIMS की आधिकारिक परीक्षा वेबसाइट पर विजिट कर सकते हैं।

महत्वपूर्ण तिथियां

आवेदन शुरू : 24 जुलाई 2026

आवेदन की अंतिम तिथि : 13 अगस्त 2026 (शाम 5 बजे तक)

परीक्षा सिटी स्लिप : 3 सितंबर 2026

एडमिट कार्ड जारी : 9 सितंबर 2026

स्टेज-1 परीक्षा : 12 सितंबर 2026

स्टेज-2 परीक्षा : 30 सितंबर 2026