लखनऊ। उत्तर प्रदेश में लंबे समय से प्रतीक्षित शिक्षक भर्ती प्रक्रिया को अब गति मिलने जा रही है। यूपी शिक्षा सेवा चयन आयोग का ई-अधियाचन पोर्टल लाइव हो गया है, जिसके बाद माध्यमिक विद्यालयों, संबद्ध प्राइमरी विद्यालयों तथा महाविद्यालयों में रिक्त पदों का अधियाचन तेजी से आयोग को भेजा जा रहा है। जानकारी के अनुसार आयोग के पोर्टल पर विभिन्न शिक्षण पदों के लिए हजारों रिक्तियां दर्ज की गई हैं। इससे आने वाले समय में प्रदेश के लाखों अभ्यर्थियों को बड़ी भर्ती का इंतजार खत्म होने की उम्मीद है।
संभावित पदों का विवरण
माध्यमिक शिक्षा विभाग
प्रधानाचार्य : 1502 पद
प्रधानाध्यापक : 1003 पद
PGT (प्रवक्ता) : 2705 पद
TGT (सहायक अध्यापक) : 16,114 पद
सम्बद्ध प्राइमरी विद्यालय
सहायक अध्यापक : 1889 पद
महाविद्यालय शिक्षा
असिस्टेंट प्रोफेसर एवं प्राचार्य : 1000 से अधिक पदभर्ती विज्ञापन जल्द आने की संभावना
ई-अधियाचन पोर्टल लाइव होने के बाद अब विभिन्न संस्थानों से रिक्त पदों का सत्यापन और डेटा अपलोड प्रक्रिया तेज हो गई है। माना जा रहा है कि आयोग जल्द ही चरणबद्ध तरीके से भर्ती विज्ञापन जारी कर सकता है। विशेषज्ञों का कहना है कि सबसे अधिक संख्या TGT पदों की होने के कारण इस भर्ती पर प्रदेशभर के अभ्यर्थियों की नजर बनी हुई है। वहीं PGT, प्रधानाचार्य और महाविद्यालय स्तर की भर्तियां भी लंबे समय बाद बड़े पैमाने पर आने की संभावना है।
भर्ती प्रक्रिया की खबर सामने आते ही प्रतियोगी छात्रों में उत्साह बढ़ गया है। वर्षों से भर्ती का इंतजार कर रहे अभ्यर्थी अब आधिकारिक विज्ञापन और परीक्षा कार्यक्रम जारी होने की प्रतीक्षा कर रहे हैं। सोशल मीडिया और छात्र समूहों में भी संभावित भर्ती को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। अभ्यर्थियों को सलाह है कि वे आयोग की आधिकारिक वेबसाइट और नोटिफिकेशन पर नियमित नजर बनाए रखें तथा अपनी शैक्षिक और अन्य आवश्यक प्रमाणपत्रों को पहले से तैयार रखें।
प्रदेश सरकार और शिक्षा विभाग का फोकस लंबे समय से खाली पड़े शिक्षकीय पदों को भरने पर है। माना जा रहा है कि इन भर्तियों के पूरा होने से माध्यमिक विद्यालयों और महाविद्यालयों में शिक्षकों की कमी काफी हद तक दूर हो सकेगी, जिससे शैक्षिक गुणवत्ता में सुधार आने की उम्मीद है।












