DIT यूनिवर्सिटी के पास युवक को गोली मारने वाला पुलिस का सिपाही गिरफ्तार

MS Malik
By
4 Min Read

देहरादून। मसूरी रोड पर शुक्रवार देर रात हुई युवक की गोली मारने की घटना का पुलिस ने 24 घंटे के अन्दर खुलासा कर आरोपी को घटना में प्रयुक्त रिवाल्वर और कारतूस के साथ गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी हरिद्वार में कांस्टेबल है और वर्तमान में उसकी ड्यूटी अभियोजन निदेशालय सहस्त्रधारा रोड देहरादून सुरक्षा गार्द में है।

इंद्र सिंह खरोला निवासी बगरियाल गांव मालसी ने आज राजपुर थाने में तहरीर दी कि कल रात लगभग साढ़े दस बजे मसूरी डायवर्जन रोड ग्राम बगरियाल गांव (वार्ड नं. 1 मालसी) डक स्टोर के पास उनका पुत्र पुनीत खरोला अपने दोस्त दीपक यादव के साथ गाड़ी में बैठे थे। तभी वहां पर एक व्यक्ति स्टोर से सामान लेकर बाहर आया और सामान अपनी गाड़ी में रखकर वहीं स्टोर के पास हमारे ही कम्पाउंड में टॉयलेट करने लगा। उनके बेटे द्वारा उसे वहां पर टॉयलेट करने स रोकने पर अज्ञात व्यक्ति ने अपनी रिवाल्वर से उनके पुत्र के पेट में गोली मार दी और अपनी कार से फरार हो गया। डक स्टोर के कर्मचारियों ने उनके पुत्र को मैक्स हास्पिटल में भर्ती कराया।

राजपुर पुलिस ने तहरीर के आधार पर केस दर्ज विवेचना शुरू की। थाना स्तर पर एक टीम गठित की गई। विवेचना के दौरान प्रकाश में आया कि कार कुलवीर सिंह नेगी पुत्र कुंवर सिंह नेगी निवासी 405 अठूरवाला देहरादून है, जो वर्तमान में अंसल ग्रीन वैली जाखन में रहता है, के नाम पंजीकृत है। कुलवीर सिंह से पूछताछ करने पर उसने बताया कि कार कल सुबह से मैने अपने दोस्त नितिन कुमार लोहान पुत्र स्व0 पवन कुमार नि0 लिब्बरहेड़ी थाना मंगलौर जनपद हरिद्वार को दी है, जिसने अभी तक कार वापस नही किया है और न ही उनका फोन उठा रहा है।

कुलदीप नेगी ने बताया कि नितिन लोहान हरिद्वार में है एवं वर्तमान में उसकी ड्यूटी अभियोजन निदेशालय सहस्त्रधारा रोड देहरादून सुरक्षा गार्द में है। पुलिस टीम ने अभियोजन निदेशालय सुरक्षा गार्द जाकर कांस्टेबल नितिन लोहान के बारे में जानकारी ली गयी तो जानकारी प्राप्त हुई कि नितिन लोहान कल सांय से ही अपनी ड्यूटी से अनुपस्थित चल रहा है। पुलिस ने नितिन लोहान की तलाश में मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। मुखबिर ने सूचना दी कि कांस्टेबल नितिन लोहान घटना में प्रयुक्त कार से राजपुर की ओर से अपनी ड्यूटी गार्द में जाने के लिए सहस्त्रधारा हैलीपैड रोड की ओर आ रहा है। जिस पर पुलिस टीम ने नितिन को काठबंगला पुल के आगे सहस्त्रधारा हैलीपैड की ओर जाने वाली सडक पर पकड़ लिया।

पूछताछ में नितिन ने बताया कि शुक्रवार रात 10.30 बजे वह मसूरी रोड स्थित डक स्टोर में वह कुछ सामान लेने आया था। सामान खरीदने के बाद मुझे टॉयलेट लगी तो मैं स्टोर के बाहर साइड में टॉयलेट करने लगा। वही पर फॉर्च्यूनर कार में दो व्यक्ति बैठे थे, जिन्होंने आकर उसे गाली देते हुए वहां पेशाब करने से मना किया। गाली का विरोध करने पर उन्होंने उसके साथ हाथापाई शुरु कर दी। जब वह दोनों उस पर भारी पड़ने लगे तो उसने उन्हें डराने के लिये अपना लाइसेंसी रिवाल्वर निकाल लिया। लेकिन, दोनों व्यक्तियों में से एक व्यक्ति ने मेरी रिवाल्वर पर झपट्टा मारकर रिवाल्वर छीनने की कोशिश की और इसी छीना-झपटी में रिवाल्वर से गोली चल गयी एवं उस व्यक्ति के पेट मे लग गयी। नितिन लोहान से घटना में प्रयुक्त लाईसेंसी रिवाल्वर एवं दो जिन्दा कारतूस व एक खोखा कारतूस बरामद किये गये। नितिन द्वारा अपना जुर्म कबूलने पर उसे हिरासत में ले लिया गया।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!