देहरादून। हरिद्वार में पथरी क्षेत्र स्थित प्राचीन शिव मंदिर से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। मंदिर में रहने वाले दो साधुओं की बेरहमी से हत्या कर उनके शव मंदिर के समीप जंगल में गड्ढा खोदकर दफना दिए गए।
घटना का खुलासा होने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने दोनों शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं, जबकि घटना के बाद से फरार तीन साधुओं पर हत्या का संदेह जताया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार मंदिर के सेवादार ने सूचना दी कि मंदिर में रहने वाले साधु सेवा गिरी और उत्तम गिरी पिछले कुछ समय से लापता हैं। उनकी संदिग्ध परिस्थितियों में गुमशुदगी और अनहोनी की आशंका जताए जाने पर पथरी थाना प्रभारी रविंद्र सिंह पुलिस टीम एवं फॉरेंसिक विशेषज्ञों के साथ मौके पर पहुंचे। जांच के दौरान पुलिस ने मंदिर के समीप जंगल में संदिग्ध स्थान पर खुदाई कराई, जहां से दोनों साधुओं के शव बरामद हुए। प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि हत्या के बाद आरोपियों ने सबूत मिटाने की नीयत से शवों को गड्ढे में दफना दिया था, ताकि लंबे समय तक घटना का खुलासा न हो सके।
पुलिस की जांच में यह भी सामने आया है कि दो दिन पहले मंदिर में ठहरे तीन साधु घटना के बाद से लापता हैं। इन्हीं तीनों पर हत्या का संदेह जताया जा रहा है। पुलिस उनकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है और आसपास के क्षेत्रों में भी सतर्कता बढ़ा दी गई है। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी देहात शेखर सुयाल भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। फॉरेंसिक टीम ने मौके से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए हैं, जिनके आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस आपसी रंजिश, संपत्ति विवाद, मंदिर के प्रबंधन से जुड़े विवाद और अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद हत्या की वजह और घटनाक्रम को लेकर कई महत्वपूर्ण खुलासे होने की उम्मीद है। इस सनसनीखेज दोहरे हत्याकांड से पूरे क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोग घटना से स्तब्ध हैं और पुलिस से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से गहन जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा।












