देहरादून। मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने अधिकारियों और अभियंताओं के बीच कार्यों का पुनर्वितरण करते हुए नया कार्यालय आदेश जारी किया है। उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी के हस्ताक्षर से जारी आदेश के अनुसार पूर्व में आवंटित कार्यों में आंशिक संशोधन करते हुए विभिन्न अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है। यह फेरबदल ऐसे समय किया गया है जब प्राधिकरण अवैध निर्माणों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर रहा है।
अधिशासी अभियंता शांति सिंह रावत को पूर्व कार्यों के साथ-साथ सिंगल विंडो, बोर्ड बैठकों की तैयारी, नजूल, सीएम हेल्पलाइन, सुप्रीम कोर्ट मॉनिटरिंग समिति, विभिन्न बैठकों के समन्वय तथा उच्चाधिकारियों द्वारा सौंपे गए कार्यों की जिम्मेदारी दी गई है।
अधिशासी अभियंता सुनील कुमार को पूर्व दायित्वों के अतिरिक्त उद्यान (गार्डन) से संबंधित कार्य सौंपे गए हैं।
सहायक अभियंता अजय कुमार मलिक तथा प्रमोद कुमार मेहरा को सिंगल विंडो से जुड़े कार्यों की जिम्मेदारी दी गई है।
अवैध निर्माण पर सेक्टरवार निगरानी
प्राधिकरण ने अवैध निर्माणों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए सेक्टरवार जिम्मेदारियां भी तय की हैं—
राजेन्द्र बहुगुणा – सेक्टर 3, 4 और 5
सुनील कुमार गुप्ता – सेक्टर 6, 7 और 8
निशांत कुकरेती – पूर्व दायित्वों के साथ सेक्टर 9
संजीव कुमार अग्रवाल – सेक्टर 10 और 12
अभिषेक भारद्वाज – परवादून क्षेत्र में अवैध निर्माणों की निगरानी करेंगे।अन्य महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां
शशांक सक्सेना को हर्रावाला स्थित प्राधिकरण की भूमि का प्रोजेक्ट तैयार करने तथा उसके क्रियान्वयन के लिए डिजाइन और लेआउट तैयार करने की जिम्मेदारी दी गई है। सभी सहायक पटलों (सेक्टर-1 से 12, परवादून, पछवादून, ऋषिकेश एवं मसूरी) को सूचना का अधिकार अधिनियम-2005 के तहत विभागीय अपीलों के निस्तारण का कार्य भी सौंपा गया है।
कार्यालय आदेश में स्पष्ट किया गया है कि उपरोक्त जिम्मेदारियों के अतिरिक्त उच्चाधिकारियों द्वारा समय-समय पर सौंपे जाने वाले कार्यों का भी संबंधित अधिकारी निर्वहन करेंगे तथा आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होगा।














