PCS-2024 में बेटियों का परचम: जसमीत डिप्टी कलेक्टर टॉपर, अदिति ने सीओ पद पर हासिल किया पहला स्थान

3

 

देहरादून/हरिद्वार। उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (यूकेपीएससी) ने बहुप्रतीक्षित उत्तराखंड सम्मिलित राज्य सिविल/प्रवर अधीनस्थ सेवा परीक्षा-2024 का अंतिम परिणाम घोषित कर दिया है। परिणाम घोषित होते ही प्रदेशभर में सफल अभ्यर्थियों के बीच खुशी की लहर दौड़ गई। इस बार परीक्षा परिणाम में बेटियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। आयोग द्वारा जारी परिणाम एक दिसंबर 2025 को घोषित संशोधित मुख्य परीक्षा परिणाम के बाद 27 मार्च से 21 अप्रैल 2026 तक आयोजित साक्षात्कार, शारीरिक मापदंड परीक्षण तथा चिकित्सीय परीक्षण के आधार पर तैयार किया गया है।

बेटियों का रहा दबदबा
इस वर्ष पीसीएस परीक्षा के परिणाम में महिलाओं ने उल्लेखनीय सफलता अर्जित की। डिप्टी कलेक्टर पद पर जसमीत कौर ने प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त कर टॉपर बनने का गौरव हासिल किया, जबकि पुलिस उपाधीक्षक (सीओ) पद पर अदिति पुनेठा ने मेरिट सूची में शीर्ष स्थान प्राप्त कर प्रदेश का नाम रोशन किया। दोनों प्रतिभाशाली अभ्यर्थियों की सफलता युवा पीढ़ी, विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गई है।

विभिन्न पदों पर हुआ चयन
आयोग द्वारा घोषित परिणाम के अनुसार विभिन्न विभागों में बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों का चयन किया गया है।
डिप्टी कलेक्टर पद – 9 अभ्यर्थी
पुलिस उपाधीक्षक (गृह विभाग) – 10 अभ्यर्थी
जिला कमांडेंट होमगार्ड – 5 अभ्यर्थी
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी – 1 अभ्यर्थी
जिला पंचायत राज अधिकारी – 1 अभ्यर्थी
कार्याधिकारी जिला पंचायत – 1 अभ्यर्थी
जिला ग्रामोद्योग अधिकारी – 6 अभ्यर्थी
उप शिक्षा अधिकारी – 58 अभ्यर्थी
परिवीक्षा अधिकारी – 1 अभ्यर्थी
वित्त अधिकारी/कोषाधिकारी – 14 अभ्यर्थी
सहायक आयुक्त राज्य कर – 16 अभ्यर्थी
राज्य कर अधिकारी – 53 अभ्यर्थी
सहायक नगर आयुक्त/अधिशासी अधिकारी – 7 अभ्यर्थी
डिप्टी कलेक्टर पद पर चयनित अभ्यर्थी
डिप्टी कलेक्टर पद के लिए चयनित अभ्यर्थियों में जसमीत कौर, वर्षा जोशी, आशुतोष नौटियाल, अमित चंद्र द्विवेदी, मीनाक्षी भाटिया, फराज मियां, वायरल शर्मा, उज्ज्वल डालाकोटी और काजल सैनी शामिल हैं।

पुलिस उपाधीक्षक पद पर चयनित अभ्यर्थी
पुलिस उपाधीक्षक (सीओ) पद के लिए अदिति पुनेठा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। उनके अलावा ऐश्वर्या भट्ट, मनीष चंद रमोला, संदीप कुमार सिंह पटेल, शताक्षी शर्मा, साक्षम, गोविंद पांडेय, हिमांशु दिवाकर, श्रेया सिंह और प्रकृति नेगी ने भी सफलता हासिल की।

पीसीएस जैसी प्रतिष्ठित परीक्षा में सफलता प्राप्त करने वाले अभ्यर्थियों ने यह सिद्ध कर दिया है कि कठिन परिश्रम, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण से किसी भी मुकाम को हासिल किया जा सकता है। खासकर जसमीत कौर और अदिति पुनेठा की उपलब्धि प्रदेश की हजारों छात्राओं के लिए प्रेरणास्रोत बनकर उभरी है। सफल अभ्यर्थियों को बधाइयों का सिलसिला जारी है। परिवारों और शुभचिंतकों में उत्साह का माहौल है तथा चयनित अभ्यर्थियों से राज्य प्रशासन और पुलिस व्यवस्था को नई ऊर्जा एवं नेतृत्व मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।