STF ने भाजपा नेता को किया गिरफ्तार, पार्टी ने भी किया निष्कासित

Astitva Times Desk
3 Min Read

 

देहरादून। हरिद्वार जिले से भाजपा के लिए एक और बुरी खबर सामने आई है जिसमें स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने भाजपा पार्षद को गिरफ्तार किया है। यह मामला काफी सुर्खियों में है और भाजपा ने भी इस नेता को पार्टी से तुरंत निष्कासित कर दिया है। इससे पहले भी अनामिका शर्मा और पूर्व विधायक सुरेश राठौर की वजह से पार्टी की काफी फजीहत हो चुकी है।

रुड़की में भाजपा पार्षद मनीष उर्फ बॉलर की गिरफ्तारी के पीछे आरोप है कि मनीष ने कुख्यात प्रवीण वाल्मीकि के साथ मिलकर एक महिला और उसके परिवार को धमकाया। इसके बाद उनके नाम से फर्जी दस्तावेज बनाकर जमीन बेचने की साजिश रची गई। एसटीएफ इस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और अन्य जमीनों के फर्जी कागजात बनाने और बेचने की भी पड़ताल कर रही है।गंगनहर कोतवाली में मनीष के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है और उसे हिरासत में लेकर देहरादून ले जाया गया। भाजपा ने मामले की गंभीरता को देखते हुए मनीष को पार्टी से निष्कासित कर दिया है।

जांच में पता चला है कि मनीष, प्रवीण वाल्मीकि और उनके साथियों ने रेखा नामक महिला के नाम पर फर्जी पावर ऑफ अटॉर्नी बनाकर कई जमीन के प्लॉट बेचे। इस फर्जी दस्तावेज का इस्तेमाल कर कई खरीदारों को धोखा भी दिया गया है। एसटीएफ की जांच से यह भी सामने आया कि मनीष और उसके सहयोगी प्रवीण वाल्मीकि के नाम पर लोगों को धमकाकर जमीनों पर अवैध कब्जा कर रहे थे। धमकियों के कारण रेखा और उसके परिवार को अपना घर छोड़कर कहीं और जाना पड़ा।

मनीष की गिरफ्तारी के बाद वाल्मीकि समाज के लोगों ने गंगनहर कोतवाली के बाहर जमकर हंगामा किया, जिसे पुलिस ने समझा-बुझाकर शांत कराया। वहीं, रुड़की नगर निगम के सफाई कर्मचारी भी प्रदर्शन में शामिल हुए और काम बंद कर दिया, जिससे सफाई व्यवस्था बाधित रही और रास्ते जाम हो गए। पुलिस ने हालात को नियंत्रण में किया।

भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. मधु सिंह ने कहा कि मनीष को पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल पाए जाने के कारण पार्टी से निष्कासित किया गया है। एसटीएफ मामले की गहन जांच के लिए मनीष से विस्तार से पूछताछ कर रही है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!