UP:विभिन्न विभागों में भर्ती के लिए आवेदन शुरू,स्टाफ नर्स के 25 पदों पर केवल सात दावेदार

MS Malik
By
4 Min Read

उच्च शिक्षा, पीडब्ल्यूडी, आयुष एवं अन्य विभागों में की जाएंगी भर्तियां

खालिद मजीद
लखनऊ। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) ने विभिन्न विभागों में 109 पदों पर सीधी भर्ती के लिए बृहस्पतिवार को विस्तृत विज्ञापन जारी कर दिया गया। इसके साथ इन पदों पर भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है। ऑनलाइन आवेदन, शुल्क बैंक में जमा करने एवं ऑनलाइन आवेदन स्वीकार किए जाने की अंतिम तिथि 18 नवंबर है। ऑनलाइन आवेदन में सुधार/संशोधन और शुल्क समाधान की अंतिम तिथि 25 नवंबर निर्धारित की गई है। अभिलेखों सहित ऑनलाइन आवेदन पत्र की हार्डकॉपी आयोग में जमा किए जाने की अंतिम तिथि दो दिसंबर 2024 (शाम पांच बजे) है।

ऑनलाइन आवेदन करने से पूर्व अभ्यर्थियों को वन टाइम रजिस्ट्रेशन (ओटीआर) नंबर प्राप्त करना अनिवार्य है। ऐसे अभ्यर्थी जिन्होंने ओटीआर नंबर प्राप्त नहीं किया है। वे ऑनलाइन आवेदन करने के 72 घंटे पूर्व आयोग की वेबसाइट से ओटीपी नंबर प्राप्त कर लें। ओटीआर नंबर प्राप्त किए जाने के बाद ही ऑनलाइन आवेदन स्वीकार किए जाएंगे।

जिन पदों पर भर्ती का विज्ञापन जारी किया है, उनमें उच्च शिक्षा विभाग में कुलसचिव के चार पदों, लोक निर्माण विभाग में सहायक वास्तुविद के सात और प्रशासनिक सुधार विभाग में निरीक्षक राजकीय कार्यालय के दो पद शामिल हैं। वहीं, उत्तर प्रदेश आयुष (यूनानी) में लेक्चरर अरबी के एक पद और प्रोफेसर (निस्वा व कबालत, इल्मुत अतफाल और तशरीहुल बदन) के तीन पदों पर भर्ती होनी है। इसके अलावा उत्तर प्रदेश आयुष (आयुर्वेद) विभाग में रीडर (उपाचार्य) (काय चिकित्सा, कौमारभृत्य, रचना शारीर, क्रिया शारीर, द्रव्यगुण, अगद तंत्र एवं विधि आयुर्वेद, रोग निदान, स्वास्थवृत्त, प्रसूति तंत्र एवं स्त्री रोग, शल्य तंत्र, शालाक्य तंत्र और संहिता संस्कृत एवं सिद्धांत) के 36 पदों और प्रोफेसर (आचार्य) (कौमारभृत्य, रचना शारीर, प्रसूति तंत्र एवं स्त्री रोग, शल्य तंत्र, शालाक्य तंत्र और संहिता संस्कृत एवं सिद्धांत) के 19 पदों पर भर्ती की जाएगी।

वहीं, स्टाफ नर्स यूनानी (पुरुष/महिला) प्रारंभिक परीक्षा-2023 का परिणाम बृहस्पतिवार को घोषित किए जाने के बाद 27 पदों के लिए आयोजित भर्ती में केवल सात दावेदार बाकी रह गए हैं और बाकी अभ्यर्थी दौड़ से बाहर हो गए हैं। प्रारंभिक परीक्षा में शामिल अभ्यर्थियों में 99 फीसदी को असफल घोषित कर दिया गया है। ऐसे में मुख्य परीक्षा के लिए सफल घोषित किए गए अभ्यर्थियों के बीच अब कोई स्पर्धा नहीं रह गई है। स्टाफ नर्स के 27 पदों पर भर्ती के लिए प्रारंभिक परीक्षा आठ सितंबर 2024 को आयोजित की गई थी, जिसमें 771 अभ्यर्थी शामिल हुए थे। प्रारंभिक परीक्षा के आधार पर आयोग ने निर्धारित न्यूनतम अर्हता मानक अंक अंक प्राप्त करने वाले सात अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा में शामिल होने के लिए औपबंधिक रूप से सफल घोषित किया है। परीक्षा का परिणाम आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध है। आयोग के सचिव अशोक कुमार के अनुसार परीक्षा का परिणाम इलाहाबाद उच्च न्यायालय की लखनऊ खंडपीठ में दाखिल याचिका महेंद्री हरस व सात अन्य बनाम उत्तर प्रदेश लाक सेवा आयोग व तीन अन्य पर उच्च न्यायालय द्वारा पारित होने वाले अंतिम निर्णय के अधीन रहेगा। परीक्षा परिणाम पूर्णतया औपबंधिक है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!