किसान न्याय यात्रा में शिरकत करने उत्तराखंड पहुंचे भगवंत मान, कृषि बिलों को लेकर केंद्र सरकार पर बरसे

MS Malik
By
4 Min Read

अस्तित्व टाइम्स

कृषि बिल पर कहा, आर पार की लड़ाई में किसानों के साथ है आम आदमी पार्टी

किसान न्याय यात्रा के तहत,अपने दो दिवसीय दौरे के दौरान उत्तराखंड के काशीपुर पहुंचे आप सांसद भगवंत मान का आप कार्यकर्ताओं और किसानों ने स्वागत किया। आप सांसद ने उत्तराखंड पहुंच कर गाड़ियों के काफिले के साथ अपनी यात्रा शुरू की।

उत्तराखंड बॉर्डर पर पहुंच उन्होंने देवभूमि और देश की आजादी की जंग के अमर शहीद सरदार उधम सिंह की जमीन को नमन कर माथा ठेका और भारत माता की जय, देश के अन्नदाता की जय का नारा लगाकर किसान यात्रा का शुभारंभ किया।

भगवंत मान ने कहा कि सत्ता के मद में चूर केंद्र की मोदी सरकार किसानों को उजाड़ने और बर्बाद करने पर तुली हुई है। पिछले करीब 1 माह से देश का किसान अपनी होने जा रही बर्बादी के विरुद्ध शांतिपूर्ण तरीके से देश की राजधानी की चौखट पर पड़ा हुआ है। हाड़ कंपकंपा देने वाली ठंड से किसान मर रहे हैं मगर देश का रखवाला चुपचाप बैठा तमाशा देख रहा है। उसे अपने मन की बात तो दिखाई देती है मगर किसानों के मन की बात सुनने के लिए वे तैयार ही नहीं है। उल्टे मोदी जी और उनकी पूरी कैबिनेट किसान आंदोलन को विफल करने में लगी हुई है।

उन्होंने उत्तराखंड सहित देश के सभी किसानों का आह्वान किया कि वे सरकार के किसी भी बहकावे में ना आए क्योंकि केंद्र सरकार बहला-फुसलाकर इस आंदोलन को तोड़ने एवं कमजोर करने में लगी हुई है। मान ने कहा कि देश की हरियाली पर डाका डालने वाले कामयाब नहीं होंगे और अंततः जीत किसानों की ही होगी।

उन्होंने कहा कि भयंकर ठंड में दिल्ली के चारों ओर सड़कों पर पड़े किसानों को केंद्र सरकार मानवीय आधार पर कोई मदद तक नहीं कर रही जबकि दिल्ली की आम आदमी पार्टी की सरकार ने किसानों की मदद करने में कोई कमी नहीं छोड़ रखी है। बिजली पानी टेंट भोजन हीटर चिकित्सा और शौचालय आदि सहित सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध करा रखी है। खुद मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल किसानों की की जा रही मदद की समीक्षा कर रहे हैं और पूरी दिल्ली सरकार व विधायक और आप कार्यकर्ता किसानों की सेवा में जुटे हैं। चाय खाना बिस्तर उपलब्ध कराने में दिल्ली और आसपास के गुरुद्वारे भी ऐतिहासिक मदद कर रहे हैं। हम इन सबके आभारी हैं।

मान ने कहा कि तराई के भयंकर जंगलों को जिन किसानों ने आबाद किया और आज पूरे उत्तराखंड का पेट भर रहे हैं देश के अन्य क्षेत्रों के किसानों के साथ-साथ इन किसानों के अस्तित्व पर भी संकट खड़ा हो गया है। संकट की इस घड़ी में आम आदमी पार्टी कंधे से कंधा मिलाकर किसानों के साथ खड़ी है। अस्तित्व की इस लड़ाई में किसानों को जिस मदद की भी जरूरत होगी आम आदमी पार्टी मुहैया कराएगी।

उत्तराखंड बॉर्डर पर पहुंचने पर उत्तराखंड प्रभारी दिल्ली के विधायक दिनेश मोहनिया, आप प्रदेश अध्यक्ष एस एस कलेर, किसान न्याय यात्रा के संयोजक आप नेता व राज्य आंदोलनकारी दीपक बाली, आप नेता अजय अग्रवाल, प्रदेश प्रवक्ता मयंक शर्मा, जिला प्रभारी अमिताभ सक्सेना, मुकेश चावला, अमन बाली, मनोज कौशिक, समीर चतुर्वेदी, परमपाल सिंह, निज्जर गुरतेज सिंह गोराया, महिला मोर्चा की विधानसभा प्रभारी ममता शर्मा, रजनी पाल, लता प्रजापति, सुरेश बेलवाल, संजीव आनंद, हरपाल सिंह, इंदरजीत सिंह छीना, सुरेश बेलवाल, इंद्रजीत सिंह, मलकीत सिंह, लखबीर सिंह, रूप सिंह, सुदेश कुमार, जगमोहन सिंह, लता, अनुराधा, शारदा, अजयवीर विक्की, प्रवीण कुमार, प्रकाश राणा, संजीव शर्मा सहित सैकड़ों आप कार्यकर्ताओं ने भगवंत मान का गर्मजोशी से स्वागत किया।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!