देहरादून। पछवादून के कालसी क्षेत्र के अंतर्गत हरिपुर- क्वानू- मीनस मार्ग पर एक रोड़वेज की बस अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। इस भीषण दुर्घटना में तीन यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि लगभग 27 अन्य यात्री घायल बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, हिमाचल से पांवटा साहिब की ओर जा रही यह बस आज मंगलवार सुबह यात्रियों को लेकर निकली थी। जैसे ही बस क्वानू-मीनस रोड पर पहुंची, चालक ने नियंत्रण खो दिया और बस सीधे गहरी खाई में जा समाई। घटना के बाद मौके पर कोहराम मच गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर प्रशासन तुरंत हरकत में आया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) देहरादून के निर्देशानुसार स्वास्थ्य विभाग को तुरंत अलर्ट करते हुए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चकराता से चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विक्रम सिंह के नेतृत्व में डॉक्टरों की एक टीम घटनास्थल के लिए रवाना की गई।
इस मेडिकल टीम में
डॉ. नरवीर सिंह राणा,
डॉ. नीरज डोभाल,
डॉ. मेहर सिंह राणा
शामिल हैं। टीम का उद्देश्य घायलों को मौके पर ही आवश्यक चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराना तथा जरूरत पड़ने पर उन्हें उच्च चिकित्सा केंद्रों में रेफर करना है।हादसे की गंभीरता को देखते हुए सेनानायक अर्पण यदुवंशी के निर्देश पर SDRF की डाकपत्थर, चकराता, मोरी और त्यूणी पोस्ट से चार अलग-अलग टीमें तत्काल मौके पर भेजी गईं। दुर्गम रास्ता होने के कारण बचाव कार्य में काफी चुनौतियों का सामना करना पड़ा, लेकिन जवानों ने मुस्तैदी दिखाते हुए घायलों को खाई से बाहर निकाला। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।









