खूनी हुआ कुत्तों का आतंक: 110 भेड़ों को उतारा मौत के घाट, पशुपालक का लाखों का नुकसान 

2

 

​सहारनपुर। जिले के कस्बा अंबेहटा में आवारा कुत्तों ने बीती रात ऐसा खूनी तांडव मचाया, जिसे देख रूह कांप जाए। एक पशुपालक के बाड़े में घुसकर दर्जनों कुत्तों ने हमला कर 110 भेड़ों को मौत के घाट उतार दिया। इस भीषण हमले में पीड़ित को 15 लाख रुपये से अधिक का आर्थिक नुकसान हुआ है। घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत और प्रशासन के खिलाफ भारी रोष व्याप्त है।

​पीड़ित प्रीतम पुत्र मुसद्दी ने रुंधे गले से बताया कि मंगलवार रात वह हमेशा की तरह बाड़े के पास सो रहा था। अचानक तेज बारिश शुरू होने के कारण वह कुछ दूरी पर स्थित कमरे में चला गया। इसी बीच, लगभग एक दर्जन से अधिक खूंखार कुत्तों ने 5 फीट ऊंची दीवार फांदकर बाड़े पर हमला बोल दिया। जब तक प्रीतम मौके पर पहुंचता, तब तक नजारा तबाही में बदल चुका था। कुत्तों ने कई भेड़ों की गर्दन रेत कर उन्हें मार डाला, जबकि कुछ भेड़ें दहशत और भगदड़ के कारण एक-दूसरे के नीचे दबकर दम तोड़ गईं।

​पीड़ित ने बताया कि ​बाड़े में कुल 200 भेड़ें थीं, जिनमें से 110 की मौत हो चुकी है। मृत भेड़ों में 30 गर्भवती थीं, जिनसे भविष्य में पशुपालक को बड़ी आय की उम्मीद थी। इसके अलावा एक दर्जन से अधिक दूधमुंहे बच्चों को भी कुत्तों ने नहीं बख्शा। बाजार भाव के अनुसार पीड़ित ने लगभग 15 लाख रुपये से अधिक की क्षति बताई है।

​पीड़ित प्रीतम रुंधे गले से बताया कि मेरी पूरी कमाई इन कुत्तों ने चंद मिनटों में उजाड़ दी। प्रशासन से गुहार है कि इन आवारा कुत्तों से हमें निजात दिलाई जाए और मुझे मुआवजे की व्यवस्था हो, वरना मेरा परिवार सड़क पर आ जाएगा।

​लोगों में आक्रोश: प्रशासन पर उठाए सवाल
​ स्थानीय निवासियों का कहना है कि आवारा कुत्तों का आतंक इतना बढ़ गया है कि बच्चों और बुजुर्गों का घर से निकलना दूभर है। नगरवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही इन कुत्तों को पकड़ने और अवैध अवशेष फेंकने वालों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो वे आंदोलन के लिए मजबूर होंगे।