देहरादून। नगर निगम देहरादून के मिशन ग्रीन दून–क्लीन दून के प्रयासों को वार्ड नंबर 04 राजपुर क्षेत्र में कुछ वाहन चालक लगातार ठेंगा दिखा रहे हैं। काठ बंगला पुल से सुमननगर जाने वाली सड़क को अवैध ट्रेंचिंग ग्राउंड में तब्दील कर दिया गया है। पूरी सड़क पर जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हुए हैं, जिससे आम जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।


क्षेत्रीय पार्षद श्रीमती महिमा पुंडीर ने इस गंभीर समस्या पर कड़ा रुख अपनाते हुए सड़क किनारे और नदी में बाहर से लाकर कूड़ा फेंकने वाले वाहन चालकों को सख्त चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि यदि इस तरह की गतिविधियां नहीं रुकीं, तो ऐसे वाहन चालकों के खिलाफ नगर निगम देहरादून द्वारा सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इसके साथ ही पार्षद महिमा पुंडीर ने वेडिंग प्वाइंट संचालकों, निर्माण कार्य कराने वाले लोगों तथा शादी-ब्याह के कार्यक्रम आयोजित करने वाले परिवारों से विनम्र अपील की है कि अपने यहां से कूड़ा निकलवाते समय यह सुनिश्चित कर लें कि संबंधित वाहन चालक कूड़े को केवल नगर निगम द्वारा निर्धारित किए गए स्थानों पर ही डाले। कूड़ा गलत स्थान पर फेंकने की जिम्मेदारी संबंधित वाहन चालक के साथ-साथ कूड़ा निकलवाने वाले की भी मानी जाएगी।
उन्होंने कहा कि स्वच्छ और सुंदर वार्ड बनाए रखने के लिए जनसहयोग अत्यंत आवश्यक है। आम जनता, नगर निगम प्रशासन और जनप्रतिनिधि मिलकर स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। सफाई व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ नगर निगम द्वारा सख्त कार्रवाई कराई जायेगी।









