छत फाड़कर नगर निगम के भूमि अनुभाग में घुसने के चक्कर में नीचे गिरा चोर, घटना CCTV में कैद

Astitva Times Desk
3 Min Read

 

देहरादून। नगर निगम की सुरक्षा व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है। रविवार को दिनदहाड़े निगम परिसर में एक अज्ञात चोर के छत के रास्ते घुस जाने से हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि आरोपी गैलरी से होकर सीढ़ियों के रास्ते छत पर पहुंचा और वहां से रोशनदान का शीशा तोड़कर भूमि अनुभाग के अधिकारी कक्ष में दाखिल हो गया।

सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, चोर फाल्स सीलिंग तोड़ते समय नीचे गिर गया और घबराकर वहां से भाग निकला। हालांकि वह किसी कीमती सामान की चोरी नहीं कर सका, लेकिन कार्यालय को काफी नुकसान पहुंचा है।

कार्यालय में फाल्स सीलिंग टूटी, कंप्यूटर व यूपीएस क्षतिग्रस्त

सुबह जब निगम कर्मचारी दफ्तर पहुंचे तो उन्होंने देखा कि भूमि अनुभाग के कक्ष में फाल्स सीलिंग टूटी पड़ी है। दो कंप्यूटरों और यूपीएस को भी नुकसान पहुंचा है। सहायक नगर आयुक्त राजेश नैथानी के कक्ष में छत की सीलिंग पूरी तरह गिर गई और कई बिजली की तारें टूट गईं। अब कार्यालय की मरम्मत के लिए निर्माण अनुभाग को एस्टीमेट तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।

निगम अधिकारियों के अनुसार, चोर नशे की हालत में प्रतीत हो रहा है। उसने यूपीएस की तारें खींचने की कोशिश की, मगर गिरने के बाद भाग निकला। घटना के बाद निगम कर्मचारियों में दहशत का माहौल है। भूमि अनुभाग के कर्मचारियों के अनुसार टाउन हाल के नवीनीकरण और वाटर रिचार्ज प्वाइंट निर्माण कार्य के चलते परिसर में मजदूरों की आवाजाही बनी रहती है। संभव है कि चोर ने इसी बात का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम देने की कोशिश की। सवाल यह भी उठ रहा है कि सरकारी अवकाश के दिन निगम का मुख्य गेट बंद क्यों नहीं था।

यह कोई पहली घटना नहीं है जब नगर निगम की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हुए हों। करीब तीन वर्ष पहले रिकॉर्ड रूम से म्यूटेशन फाइल चोरी का मामला सामने आया था, जिसका आज तक खुलासा नहीं हो सका। कुछ माह पहले भी दो युवक छत के रास्ते रिकॉर्ड रूम में घुसे थे और रजिस्टरों में छेड़छाड़ की थी। उस समय मेयर सौरभ थपलियाल के निर्देश पर छत बंद करवाई गई थी और नए सीसीटीवी कैमरे लगाए गए थे।

घटना की जानकारी मिलते ही मेयर सौरभ थपलियाल ने पूरे मामले की रिपोर्ट तलब की। उन्होंने कहा कि भूमि अनुभाग में अज्ञात व्यक्ति के प्रवेश की घटना गंभीर है। निगम की सुरक्षा व्यवस्था की पूरी समीक्षा कराई जाएगी और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सख्त कदम उठाए जाएंगे।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!