दून पुलिस ने महिला की हत्या का खुलासा कर आरोपी को किया गिरफ्तार

7

 

देहरादून। राजधानी देहरादून में प्लास्टिक कट्टे के अंदर से बरामद महिला के शव के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। प्रेमनगर थाना क्षेत्र के मांडूवाला रोड स्थित बालासुदरी मंदिर परिसर में 11 मार्च 2026 को एक अज्ञात महिला का शव सफेद कट्टे में मिला था, जिसकी पहचान करना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बनी हुई थी।

पुलिस ने इस मामले चुनौती के रूप में लेते हुए कई टीमों का गठन कर सीसीटीवी फुटेज खंगाले, लेकिन कोई ठोस सुराग नहीं मिला। इसके बाद पुलिस ने आसपास की 30 से अधिक झुग्गी-बस्तियों में व्यापक सत्यापन अभियान चलाया और लगभग 5000 लोगों से पूछताछ की। लगातार प्रयासों के बाद 19 मार्च को पुलिस को महत्वपूर्ण जानकारी मिली। जांच के दौरान पता चला कि एक मजदूर की पत्नी अचानक लापता है। पुलिस ने संदिग्ध रंजीत शर्मा को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपनी पहली पत्नी रूपा की हत्या करने की बात कबूल कर ली।

पूछताछ में सामने आया कि पारिवारिक विवाद इस हत्या की वजह बना। रूपा अपने दूसरे पति को छोड़कर वापस रंजीत के पास आ गई थी और उस पर दूसरी पत्नी को छोड़ने का दबाव बना रही थी। इसी बात को लेकर 05 मार्च की रात दोनों के बीच झगड़ा हुआ, जिसके बाद रंजीत ने गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी ने शव को चार दिनों तक कमरे में छिपाकर रखा और फिर 08 मार्च को उसे कट्टे में डालकर शीतला माता मंदिर के पास जंगल में फेंक दिया। पुलिस ने आरोपित रंजीत शर्मा निवासी सुखासन, थाना सिमरी बख्तयारपुर, जिला सहरसा, बिहार वर्तमान निवासी भट्टोवाला, प्रेमनगर को गिरफ्तार कर लिया है।