नगर निगम में भवन गणना कार्य की समीक्षा, 20 मई तक 100% लक्ष्य पूरा करने के निर्देश

Astitva Times Desk
3 Min Read

 

जनगणना-2027 की तैयारियों में तेजी, वार्डवार प्रगति की हुई समीक्षा

देहरादून। नगर निगम देहरादून में जनगणना-2027 के अंतर्गत चल रहे भवन गणना कार्य को लेकर सोमवार को महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रभारी जनगणना अधिकारी एवं नगर आयुक्त ने की। बैठक में सभी वार्ड अधिकारियों, सहायक चार्ज अधिकारियों तथा तकनीकी सहायकों ने भाग लिया।

बैठक में नगर निगम क्षेत्र के 100 वार्डों में चल रहे भवन गणना कार्य की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य को पूर्ण कर पोर्टल पर अनिवार्य रूप से अपडेट किया जाए। बैठक के दौरान वार्ड अधिकारियों द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की गई। समीक्षा में सामने आया कि कुछ वार्डों में कार्य की गति अपेक्षाकृत धीमी है। विशेष रूप से वार्ड अधिकारी-1 की प्रगति पर नाराजगी व्यक्त की गई, जहां केवल सीमित प्रतिशत कार्य पूर्ण होने की जानकारी दी गई। नगर आयुक्त ने निर्देश दिए कि संबंधित अधिकारी तत्काल कार्य में तेजी लाएं तथा 18 मई शाम 5 बजे तक कम से कम 50 प्रतिशत कार्य पूर्ण कर पोर्टल पर अपडेट सुनिश्चित करें।

बैठक में वार्ड अधिकारी-3 द्वारा प्रस्तुत कार्य प्रगति को संतोषजनक बताया गया। जानकारी के अनुसार संबंधित वार्ड में 64 प्रतिशत कार्य पूर्ण किया जा चुका है तथा 21 मई तक 100 प्रतिशत लक्ष्य पूरा करने का भरोसा दिया गया। अधिकारियों ने इस प्रगति की सराहना करते हुए अन्य वार्डों को भी इसी गति से कार्य करने के निर्देश दिए। समीक्षा के दौरान अधिकारियों ने बताया कि कुछ क्षेत्रों में भौगोलिक परिस्थितियों एवं मौसम संबंधी समस्याओं के कारण कार्य प्रभावित हो रहा है। विशेष रूप से देहरादून के पर्वतीय एवं दूरस्थ इलाकों में भवनों तक पहुंचने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।इसके अलावा कई स्थानों पर भवन स्वामियों द्वारा सहयोग नहीं मिलने की बात भी सामने आई। अधिकारियों ने कहा कि कई लोग आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने में रुचि नहीं दिखा रहे हैं, जिससे गणना कार्य प्रभावित हो रहा है।

सहयोग नहीं करने वालों पर होगी कार्रवाई
नगर आयुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि यदि किसी व्यक्ति द्वारा जनगणना कार्य में सहयोग नहीं किया जाता है तो उसके खिलाफ जनगणना अधिनियम 1948 की सुसंगत धाराओं के अंतर्गत कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों से कहा गया कि वे जनता को जनगणना के महत्व के प्रति जागरूक करें तथा सहयोगात्मक वातावरण तैयार करें। बैठक के अंत में सभी वार्ड अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में लंबित कार्य को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करें और 20 मई 2026 तक 100 प्रतिशत भवन गणना कार्य पूर्ण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करें। यह भी स्पष्ट किया गया कि संबंधित वार्ड अधिकारी एवं पर्यवेक्षक अपने क्षेत्रों की प्रगति के लिए व्यक्तिगत रूप से उत्तरदायी होंगे।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!