निकाय चुनाव की मतदाता सूची हुई जारी, पहाड़ में कम तो मैदान में बढ़े मतदाता

MS Malik
By
2 Min Read

देहरादून। उत्तराखण्ड में निकाय चुनावों में नई मतदाता सूची जारी हो गई है। सूची देखने से पता चलता है कि पहाड़ी शहरों और कस्बों में मतदाताओं की संख्या में गिरावट देखी गई है, हालांकि मैदानी क्षेत्रों में खूब बढ़ोतरी देखी गई है।

उत्तराखण्ड में निकायों की वर्तमान मतदाता संख्या 27.30 लाख तक पहुंच चुकी है। गढ़वाल-कुमाऊं के प्रमुख पर्वतीय निकाय पौड़ी, श्रीनगर, अल्मोड़ा, नैनीताल में मतदाताओं की संख्या में गिरावट आई है। उत्तरकाशी के नौगांव में भी मतदाता कम हुए हैं। जिन पर्वतीय निकायों में मतदाताओं की संख्या बढ़ी भी है, वो मैदानी जिलों के मुकाबले अपेक्षाकृत काफी कम है। मैदानी जिलों में देहरादून नगर निगम में पिछले पांच साल में मतदाता संख्या एक लाख से ज्यादा बढ़ गई है। मसूरी, विकासनगर, हरबर्टपुर समेत सभी निकायों में भी बढ़ोतरी हुई है।

उधमसिंह नगर में रुद्रपुर नगर निगम में 15 हजार, काशीपुर में 22 हजार से ज्यादा मतदाता पिछले पांच साल में बढ़े हैं। इनके साथ ही यहां के अन्य निकायों में भी मतदाता संख्या बढ़ी है। हल्द्वानी में पिछले पांच साल में मतदाताओं की संख्या में 22 हजार का इजाफा हुआ है। सीमांत में पलायन राज्य के अपेक्षाकृत कम संसाधन वाले सीमांत जिलों पिथौरागढ़ और उत्तरकाशी में पलायन कम हुआ है। उत्तरकाशी में नौगांव को छोड़कर बाकी सभी निकायों में बढ़ोतरी दर्ज हुई है। चमोली जिले की जोशीमठ नगर पालिका में भी मतदाता कम हुए हैं। हालांकि चमोली और गोपेश्वर में बढोतरी हुई है। पिथौरागढ़ जिले के निकायों में भी मतदाताओं की संख्या में बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!