फर्जी पावर ऑफ अटॉर्नी से करोड़ों की जमीन बेचने वाली महिला समेत दो गिरफ्तार

4

 

देहरादून। राजधानी देहरादून के थाना राजपुर क्षेत्र में करोड़ों रुपये मूल्य की भूमि की फर्जी तरीके से खरीद- फरोख्त करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोप है कि दोनों ने फर्जी पावर ऑफ अटॉर्नी तैयार कर भूमि के दो प्लॉट बेचकर करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी को अंजाम दिया।

पुलिस के अनुसार बलवंत सिंह, निवासी साईं मंदिर के निकट, राजपुर रोड देहरादून ने थाना राजपुर में लिखित तहरीर देकर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि दीपक अग्रवाल एवं मान देवी ने मौजा डाक पट्टी, राजपुर रोड स्थित उनकी भूमि की फर्जी पावर ऑफ अटॉर्नी तैयार कर 120-120 गज के दो प्लॉट सुंदर अग्रवाल एवं अशोक कुमार गुप्ता, दोनों निवासी दिल्ली, को धोखाधड़ी से बेच दिए और इसके बदले करोड़ों रुपये की राशि प्राप्त कर ली।

शिकायत के आधार पर थाना राजपुर में मु.अ.सं. 108/26 के तहत धारा 318(4), 336(3), 338 एवं 340(2) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) में मुकदमा दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश देते हुए थाना राजपुर में विशेष पुलिस टीम का गठन किया। टीम ने मुखबिर तंत्र के साथ- साथ इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से आरोपियों पर नजर रखने के साथ ही उनके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी और सघन तलाश अभियान चलाया। मंगलवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने राजपुर से दोनों आरोपियों दीपक अग्रवाल और मान देवी को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि इस फर्जीवाड़े में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा क्या इसी तरह की अन्य भूमि धोखाधड़ी की घटनाओं में भी इनकी संलिप्तता रही है। साथ ही करोड़ों रुपये के लेन-देन और फर्जी दस्तावेज तैयार करने के पूरे नेटवर्क की भी गहन जांच की जा रही है।