देहरादून। पहाड़ की समृद्ध लोक संस्कृति, परंपराओं और लोकगीतों को संरक्षित व बढ़ावा देने के उद्देश्य से “अपणु पहाड़, अपणी संस्कृति” द्वारा भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम रविवार, 05 अप्रैल 2026 को राजधानी देहरादून के गंगा फार्म, बालावाला में आयोजित होगा। कार्यक्रम का समय दोपहर 02 बजे से रात्रि 10 बजे तक निर्धारित किया गया है। यह आयोजन अपणु पहाड़, अपणी संस्कृति मंच तथा उत्तराखंड के सांस्कृतिक विकास से जुड़े लोगों के सहयोग से किया जा रहा है। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पहाड़ी संस्कृति, लोक परंपराओं और सामाजिक एकता को मजबूत करना है, ताकि नई पीढ़ी भी अपनी जड़ों और विरासत से जुड़ी रहे।
कार्यक्रम में उत्तराखंड के प्रसिद्ध लोक कलाकार अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध करेंगे। इसमें लोक गायक किशन महिपाल, सुरेश गैरोली और लोक गायिका हेमा करासी अपनी शानदार प्रस्तुतियां देंगे। इन कलाकारों के गीतों के माध्यम से गढ़वाली-कुमाऊंनी संस्कृति और लोक परंपराओं की झलक देखने को मिलेगी।
कार्यक्रम के मुख्य आयोजक थराली ब्लॉक प्रमुख परवीन पुरोहित ने देहरादून सहित आसपास के क्षेत्रों में रहने वाले उत्तराखंड मूल के लोगों और अन्य नागरिकों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की है। उनका कहना है कि ऐसे कार्यक्रमों से समाज में एकता और सांस्कृतिक पहचान को मजबूती मिलती है।
कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए एक समिति का गठन किया गया है। जिसमें अपनु पहाड़ अपनी संस्कृति के अध्यक्ष पुरोहित को ही कार्यक्रम के सफल आयोजन हेतु अध्यक्ष बनाया गया है। जबकि
संरक्षक: राजेंद्र सिंह भंडारी, श्रीमती कांति पुरोहित, कुलदीप सिंह रावत
उपाध्यक्ष: आशीष राणा (लक्कू भाई)
उपाध्यक्ष (महिला प्रकोष्ठ): रेनू नेगी
सचिव: नागेंद्र पुरोहित
सह सचिव: संजय किमोठी, राखी रावत
संगठन मंत्री: प्रभात खंडूरी, रघुवीर सिंह बिष्ट
कोषाध्यक्ष: रविंद्रपाल नेगी को बनाया गया है।पुरोहित ने बताया कि यह आयोजन केवल एक सांस्कृतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि उत्तराखंड की विरासत को संजोने और समाज को एक मंच पर जोड़ने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि सभी लोगों का सहयोग और सहभागिता इस कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।












