राजधानी में यूनिवर्सिटी स्टूडेंट की बेरहमी से पिटाई, इलाज के दौरान हुई मौत

2

 

देहरादून। राजधानी देहरादून में छात्रों के दो गुटों के बीच चल रही रंजिश ने रविवार रात खूनी रूप ले लिया। उत्तरांचल यूनिवर्सिटी के 22 वर्षीय छात्र की बेरहमी से पिटाई कर दी गई, जिसके बाद इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस के अनुसार 23 मार्च 2026 की रात केहरी गांव में छात्रों के दो गुट आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। इस दौरान दिव्यांशु जाटराना को गंभीर चोटें आईं और वह मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़ा।

सूचना मिलते ही प्रेमनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल छात्र को तुरंत सीएचसी प्रेमनगर पहुंचाया गया। हालत गंभीर होने पर उसे दून अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक के परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 3(5), 61(2), 103(1) और 191(2) के तहत हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन छात्रों को हिरासत में लिया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है।

शुरुआती जांच में सामने आया है कि सभी आरोपी और मृतक एक ही यूनिवर्सिटी के छात्र हैं और उनके बीच लंबे समय से वर्चस्व को लेकर विवाद चल रहा था। पुलिस का कहना है कि घटना में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान भी कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। वारदात के बाद इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस ने गश्त बढ़ा दी है।
इस घटना ने एक बार फिर राजधानी में छात्रों के बीच बढ़ती गुटबाजी और हिंसक प्रवृत्ति को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।