देहरादून। राजपुर रोड स्थित सिविल सर्विस इंस्टीट्यूट में शनिवार को मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना के अंतर्गत एक दिवसीय राज्य स्तरीय उद्यमिता महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन राज्य के कैबिनेट मंत्री भरत चौधरी ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान उन्होंने एमयूवाई ओलम्पिक्स का भी शुभारंभ किया और उद्यमिता क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 51 लाभार्थियों को सम्मानित किया।
कैबिनेट मंत्री भरत चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य में पारदर्शिता, संवेदनशीलता और जनकल्याणकारी सोच के साथ विकास को नई गति मिली है। उन्होंने ग्राम्य विकास तथा लघु एवं सूक्ष्म उद्यम विभाग की जिम्मेदारी सौंपने के लिए मुख्यमंत्री का आभार भी व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों का विकास सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और योजनाओं का लाभ अंतिम छोर तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
मंत्री ने कहा कि पहले दूरस्थ गांवों में शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के अभाव के कारण पलायन एक बड़ी समस्या थी, लेकिन अब सड़क कनेक्टिविटी, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार योजनाओं के विस्तार से परिस्थितियां तेजी से बदल रही हैं। उन्होंने कहा कि आज हजारों महिलाएं उद्यमिता से जुड़कर ‘लखपति दीदी’ बन रही हैं और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रही हैं। स्वयं सहायता समूहों और एमएसएमई के तहत संचालित उद्यम ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बना रहे हैं। महोत्सव में 13 ‘लखपति दीदी’, 13 रीप सहायतित उद्यमी, 13 मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना से जुड़े उद्यमी तथा दो स्वयं सहायता समूहों के 12 सदस्यों सहित कुल 51 लाभार्थियों को प्रशस्ति पत्र और प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही क्रेडिट क्लिनिक, उद्यम पंजीकरण और ट्रेडमार्क डिजिटल ऑनबोर्डिंग जैसी गतिविधियों के माध्यम से उद्यमियों को व्यवसाय विस्तार के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान आयोजित एमयूवाई ओलम्पिक्स में 100 प्रतिभागियों ने अपने नवाचारी व्यवसायिक विचार प्रस्तुत किए। इनमें से 18 श्रेष्ठ अवधारणाओं का चयन कर विजेताओं को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर एमयूवाई वेबसाइट और त्रैमासिक न्यूजलेटर का भी शुभारंभ किया गया, जिससे राज्य के सभी जनपदों में उद्यमिता संबंधी जानकारी, प्रशिक्षण, वित्तीय सहायता और बाजार से जुड़ाव को मजबूती मिलेगी। महोत्सव में राज्य के 13 जनपदों के उद्यमियों द्वारा एमयूवाई एक्सपो में स्थानीय उत्पादों का आकर्षक प्रदर्शन भी किया गया। ग्राम्य विकास की अपर सचिव एवं एमयूवाई परियोजना समन्वयक झरना कमठान ने बताया कि आयोजन का उद्देश्य ग्रामीण उद्यमिता को बढ़ावा देना और उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को प्रोत्साहित करना है।
इस अवसर पर अपर सचिव एवं परियोजना समन्वयक एमयूवाई झरना कमठान, आयुक्त एवं अपर सचिव ग्राम्य विकास अनुराधा पाल, अपर आयुक्त ग्राम्य विकास भरत चन्द्र भट्ट, संयुक्त आयुक्त संजय कुमार सिंह, उपायुक्त नरेश कुमार, उपायुक्त ए.के. राजपूत, सीईओ डॉ. प्रभाकर बेवनी, एसीईओ प्रदीप पांडेय, उप निदेशक ग्रामोत्थान महेन्द्र यादव सहित कई अधिकारी, उद्यमी, लखपति दीदी और स्वयं सहायता समूहों के सदस्य उपस्थित रहे।














