विजिलेंस टीम ने 50 हज़ार रुपए की रिश्वत लेते सुपरवाइजर को किया गिरफ्तार

3

 

देहरादून। देहरादून सतर्कता सेक्टर की ट्रैप टीम ने रुड़की में बाल विकास विभाग की एक सुपरवाइजर को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के बाद विभाग में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार, थाना सतर्कता सेक्टर देहरादून में दर्ज मुकदमा संख्या 6/2026 के तहत यह कार्रवाई की गई। आरोपी राखी सैनी, सुपरवाइजर, कार्यालय बाल विकास अधिकारी रुड़की ग्रामीण द्वितीय पर आरोप है कि उसने एक कर्मचारी से प्रमोशन कराने के नाम पर रिश्वत की मांग की थी। शिकायत मिलने पर सतर्कता टीम ने जाल बिछाया और बुधवार को उसे रिश्वत लेते हुए दबोच लिया।

सूत्रों के मुताबिक, इस मामले में विकास भवन रोशनाबाद स्थित डीपीओ कार्यालय के एक अधिकारी का नाम भी सामने आया है। सतर्कता टीम पूरे प्रकरण की गहनता से जांच कर रही है और अन्य संभावित संलिप्त लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है। सतर्कता विभाग की इस कार्रवाई से सरकारी विभागों में खलबली मची हुई है, वहीं इसे भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई के रूप में देखा जा रहा है।