विधायक की ठोस रणनीति से सरोजनी ने जीता रायपुर का रण

Astitva Times Desk
3 Min Read

 

विकासखंड रायपुर में भाजपा अधिकृत प्रत्याशी सरोजनी जवाडी के साथ ही वरिष्ठ एवं कनिष्ठ प्रमुख भी भाजपा से

देहरादून। राजधानी देहरादून में रायपुर ब्लॉक प्रमुख पद के चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की अधिकृत प्रत्याशी सरोजनी जवाडी ने प्रचंड जीत दर्ज करते हुए ब्लॉक प्रमुख का पद अपने नाम कर लिया। इस चुनाव की सबसे बड़ी बात यह रही कि सरोजनी जवाडी के साथ ही पूरा पैनल विजयी हुआ, जिससे समर्थकों में अपार उत्साह और खुशी की लहर दौड़ गई।

क्षेत्रीय विधायक उमेश शर्मा काऊ की मजबूत रणनीति के चलते यह जीत न सिर्फ राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है, बल्कि विधायक के प्रति इसे क्षेत्र की जनता के विश्वास और बेहतर विकास की उम्मीदों की जीत के रूप में भी देखा जा रहा है।

मतगणना के बाद परिणाम घोषित होते ही जैसे ही सरोजनी जवाडी की जीत की घोषणा हुई, पूरा क्षेत्र जश्न में डूब गया। समर्थक ढोल-नगाड़ों की थाप पर झूम उठे, इस दौरान समर्थकों ने विधायक उमेश शर्मा काऊ को कंधों पर उठाकर जमकर नारेबाजी करते हुए मिठाई बांटी। सरोजनी की जीत पर युवाओं ने सोशल मीडिया पर बधाइयों की बाढ़ ला दी।

इस चुनाव में क्षेत्रीय विधायक उमेश शर्मा काऊ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उन्होंने क्षेत्र पंचायत सदस्यों को पार्टी के झंडे तले संगठित किया और चुनाव प्रक्रिया के दौरान हर चरण में अपनी बेहतरीन रणनीति से माहौल को अपने पक्ष में किया। उनकी सटीक रणनीति और राजनीतिक अनुभव का ही नतीजा रहा कि प्रमुख पद पर सरोजनी जवाडी, ज्येष्ठ प्रमुख पद पर संजय सिंधवाल एवं कनिष्ठ प्रमुख पद पर साक्षी थापा भी उन्हीं के जीतकर आए। यह जीत एक बार फिर साबित करती है कि विधायक ने क्षेत्र की राजनीति में अपनी पकड़ और जनाधार को और मजबूत किया है।

स्थानीय राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि सरोजनी जवाडी एवं उनके पति वरिष्ठ समाजसेवी सोबन सिंह जवाडी की लोकप्रियता, जमीनी जुड़ाव, और विकास को केंद्र में रखने वाला चुनावी एजेंडा इस जीत की सबसे बड़ी वजह रहे। सरोजनी जवाडी के प्रधानी के पिछले कार्यकाल में कराए गए विकास कार्यों, सड़कों के निर्माण, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार, पेयजल योजनाओं और सामाजिक कल्याण की पहलों ने जनता के बीच भरोसा कायम किया।

विजय के बाद सरोजनी जवाडी ने भावुक होते हुए कहा,
“यह जीत मेरी नहीं, पूरे क्षेत्र की है। आपने जो भरोसा मुझ पर जताया है, मैं उसे कभी टूटने नहीं दूंगी। आने वाले पांच साल बिना किसी भेदभाव के, हर गांव, हर गली और हर व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुंचाना मेरा संकल्प है।”

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि आने वाले समय में प्राथमिकता सड़क और सिंचाई परियोजनाओं को पूरा करने, महिला स्वावलंबन योजनाओं को गति देने और शिक्षा के साथ ही स्वास्थ्य सेवाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने पर होगी।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!