विवेकानंद अस्पताल में डेढ़ माह की बच्ची की जटिल सर्जरी, मिला नया जीवन

4

 

लखनऊ/देहरादून। विवेकानंद पॉलीक्लिनिक एवं आयुर्विज्ञान संस्थान के डॉक्टरों ने डेढ़ माह की गंभीर रूप से बीमार नवजात बच्ची की सफल जटिल सर्जरी कर उसे नया जीवन दिया है। उत्तराखंड निवासी बच्ची को गंभीर अवस्था में उसके माता-पिता इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे थे।
बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. नीता भार्गव ने बताया कि बच्ची जन्म से ही कई जटिल स्वास्थ्य समस्याओं से पीड़ित थी। उसका तालु कटा हुआ था, स्वर ग्रंथि ढीली थी, सेप्सिस संक्रमण था, किडनी कार्य नहीं कर रही थी और अस्पताल पहुंचने के समय उसकी जीभ उल्टी फंसी हुई थी। ऑक्सीजन की कमी के कारण उसका शरीर नीला पड़ गया था और उसे झटके आ रहे थे। स्थिति अत्यंत गंभीर थी और उपचार में विशेष सावधानी की आवश्यकता थी।


अस्पताल की विशेषज्ञ टीम प्लास्टिक सर्जरी विभागाध्यक्ष डॉ. अमित अग्रवाल, बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. नीता भार्गव और आईसीयू इंचार्ज डॉ. सचिन वर्मा ने उपचार शुरू किया। जीभ को सावधानीपूर्वक सीधा करने के बाद बच्ची को एक सप्ताह तक वेंटिलेटर पर रखा गया, क्योंकि वह स्वयं सांस लेने में सक्षम नहीं थी।

लगभग 20 दिनों तक आईसीयू में गहन निगरानी और उपचार के बाद बच्ची की स्थिति में सुधार हुआ और उसका वजन भी बढ़ने लगा। वर्तमान में उसे वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया है तथा ट्यूब के माध्यम से फीडिंग दी जा रही है। ऑक्सीजन की कमी के कारण मस्तिष्क पर संभावित प्रभाव को देखते हुए उसकी एमआरआई जांच भी कराई गई। फिलहाल बच्ची की हालत स्थिर और बेहतर है। डॉक्टरों के अनुसार, नौ माह की आयु में तालु का ऑपरेशन होने के बाद वह पूरी तरह स्वस्थ हो सकेगी।

संस्थान के सचिव स्वामी मुक्तिनाथानंद ने बताया कि रामकृष्ण मिशन आश्रम, देहरादून के अध्यक्ष ने बच्ची को यहां इलाज के लिए भेजा था। बच्ची के माता-पिता आर्थिक रूप से सक्षम नहीं थे और स्थिति गंभीर थी, इसलिए तत्काल उपचार शुरू किया गया। उन्होंने बताया कि भारत सरकार की ‘प्रोजेक्ट स्माइल ट्रेन’ योजना के अंतर्गत बच्ची की जटिल सर्जरी पूरी तरह निशुल्क की गई। सामान्यतः इस प्रकार की सर्जरी पर लगभग 5 लाख रुपये का खर्च आता है, जबकि निजी कॉर्पोरेट अस्पतालों में यही खर्च 5 से 10 गुना तक हो सकता है।स्वामी मुक्तिनाथानंद ने कहा कि विवेकानंद अस्पताल मरीज सेवा को ‘नारायण सेवा’ मानता है और न्यूनतम शुल्क पर प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।