अस्थल जिला पंचायत सीट से चुनाव लड़ेंगे अजय चौहान

Astitva Times Desk
4 Min Read

 

देहरादून। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की घोषणा और उसके बाद नामांकन पत्र दाखिल करने की प्रक्रिया चल रही है। पांच जुलाई नामांकन पत्र दाखिल करने की आखिरी तारीख है। अब भाजपा और कांग्रेस ने भी जिला पंचायत सदस्यों के लिए प्रत्याशियों की घोषणा करनी शुरू कर दी है। भाजपा ने कल बुधवार को जिला पंचायत अस्थल एवं चंद्रोटी की सीटों के लिए अपने प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है। पार्टी ने चंद्रोटी सीट से निवर्तमान जिला पंचायत उपाध्यक्ष दीपक पुंडीर तो अस्थल सीट से निवर्तमान जिला पंचायत सदस्य वीर सिंह चौहान को प्रत्याशी बनाया है।

इसी सीट पर अजय चौहान के रूप में एक और चौंकाने वाला नाम सामने आया है। पूर्व प्रधान अजय चौहान ने भी अस्थल जिला पंचायत सीट से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनावी मैदान में उतरने के लिए अपनी तैयारी शुरू कर दी है। अजय चौहान खैरी मानसिंह के प्रधान रह चुके हैं। क्षेत्र में उनकी छवि साफ सुथरे व्यक्ति के रूप में होती है। युवा, कर्मठ और स्वच्छ छवि वाले अजय चौहान वर्षों से सामाजिक सरोकार से जुड़े हैं। सामाजिक कार्यों में वह सदैव तत्पर नजर आते हैं। उन्होंने कहा कि जनता ने आशीर्वाद दिया तो ईमानदारी और निष्ठा से बिना किसी भेदभाव विकास को नई ऊंचाईयों तक ले जाने का प्रयास करूंगा।

देहरादून। हरिद्वार जिले को छोड़कर प्रदेश के अन्य 12 जिलों में पंचायत चुनाव का बिगुल बज गया है। चुनावी प्रक्रिया दो चरणों में पूर्ण होगी। देहरादून जिले के चकराता, कालसी एवं विकास नगर ब्लॉक में प्रथम चरण 24 जुलाई को मतदान होना है, जबकि सहसपुर, रायपुर एवं डोईवाला ब्लॉक में द्वितीय चरण यानी 28 जुलाई को मतदान होगा।

रायपुर ब्लॉक की अस्थल जिला पंचायत सीट पर इस बार भी मुकाबला काफी दिलचस्प होने की उम्मीद है। पिछली बार हुए जिला पंचायत के चुनाव में भाजपा समर्थित प्रत्याशी वीर सिंह चौहान ने जीत का परचम लहराया था। उनके प्रतिद्वंद्वी के रूप में चुनाव लड़े निर्दलीय प्रत्याशी किशन सिंह नेगी लगभग 190 वोटो से पिछड़ गए थे। अपने कार्यकाल के दौरान निवर्तमान जिला पंचायत सदस्य वीर सिंह चौहान ने क्षेत्र में अपनी सक्रियता बनाए रखी, तो वहीं पिछले चुनाव में पिछड़ने के बाद किशन सिंह नेगी ने भी अपनी सक्रियता को और अधिक बढ़ाया। चुनाव के बाद किशन सिंह नेगी भाजपा में शामिल हो गए और क्षेत्र में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का भव्य कार्यक्रम कराने के साथ ही तन मन धन से पार्टी की सेवा करते रहे। इस बार निवर्तमान जिला पंचायत सदस्य वीर सिंह चौहान और किशन सिंह नेगी दोनों ही भाजपा से जिला पंचायत सदस्य पद के लिए टिकट के दावेदार हैं। देखना होगा कि भारतीय जनता पार्टी दोनों में से किस पर दांव लगाती है।

वहीं पिछली बार इस सीट को खाली छोड़ देने वाली कांग्रेस से भी पूर्व जिला पंचायत सदस्य एवं प्रधान संगठन के प्रदेश अध्यक्ष रहे सूरत सिंह नेगी के पुत्र हर्षवर्धन सिंह नेगी चुनावी मैदान में अपना भाग्य आजमाने के लिए तैयार है। इस सीट से कांग्रेस पार्टी से अभी कोई और नाम सामने नहीं आया है। ऐसे में माना जा रहा है कि हर्षवर्धन नेगी ही इस सीट पर कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी हो सकते हैं। नामांकन की तारीख आते आते एक दो और चौंकाने वाले चेहरे भी चुनावी मैदान को और रोमांचक बना सकते हैं।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!