शादी समारोह के लिए अस्थाई गैस कनेक्शन के जरिए मिलेंगे गैस सिलेंडर, ऐसे करें आवेदन

9

 

देहरादून। उत्तराखंड में शादी समारोह के दौरान गैस सिलेंडर की कमी से जूझ रहे परिवारों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। राज्य सरकार ने शादी समारोह के लिए अस्थाई गैस कनेक्शन उपलब्ध कराने की व्यवस्था की है। इसके लिए लोगों को अपनी नजदीकी गैस एजेंसी में आवेदन करना होगा।

खाद्य आयुक्त आनंद स्वरूप के हवाले से छपी खबर के अनुसार यदि किसी के घर या परिवार में शादी समारोह है तो गैस की कमी के कारण कार्यक्रम प्रभावित नहीं होगा। ऐसे आयोजनों के लिए अस्थाई गैस कनेक्शन दिया जाएगा, जिससे समारोह में भोजन व्यवस्था सुचारू रूप से चल सके। शादी समारोह के लिए दो अतिरिक्त व्यावसायिक गैस सिलेंडर अलग से उपलब्ध कराए जाएंगे, जिससे आयोजकों को सुविधा मिल सके।

अस्थाई गैस कनेक्शन के लिए ऐसे करें आवेदन
शादी समारोह के लिए अस्थाई गैस कनेक्शन प्राप्त करने के लिए संबंधित व्यक्ति को अपनी नजदीकी गैस एजेंसी में आवेदन करना होगा। आवेदन के साथ शादी का कार्ड या समारोह से संबंधित प्रमाण प्रस्तुत करना जरूरी होगा। साथ ही आवेदक को अपना पहचान पत्र, जैसे आधार कार्ड या अन्य मान्य पहचान पत्र जमा करना होगा।
गैस एजेंसी द्वारा आवेदन और दस्तावेजों का सत्यापन करने के बाद समारोह के लिए अस्थाई रूप से व्यावसायिक गैस सिलेंडर उपलब्ध कराए जाएंगे। आमतौर पर शादी समारोह के लिए दो व्यावसायिक सिलेंडर दिए जाएंगे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद सिलेंडरों को वापस एजेंसी में जमा करना होगा।