शोरूम में लाखों की चोरी का खुलासा, महिला समेत दो आरोपी गिरफ्तार सामान बरामद

8

 

देहरादून। राजधानी देहरादून में राजपुर रोड स्थित एक प्रतिष्ठित साड़ी शोरूम में हुई लाखों रुपये की चोरी का देहरादून पुलिस ने खुलासा करते हुए दिल्ली से एक महिला समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई करीब 3 लाख रुपये मूल्य की पांच महंगी सिल्क की साड़ियां, 2 लाख रुपये नकद तथा वारदात में प्रयुक्त स्विफ्ट डिजायर कार भी बरामद की है।

राजपुर थानाध्यक्ष पी डी भट्ट के मुताबिक 26 जून 2026 को जाखन निवासी मोइनुद्दीन खान ने थाना राजपुर में तहरीर देकर बताया था कि उनके साड़ी शोरूम से अज्ञात चोर महंगी सिल्क की साड़ियां और नकदी चोरी कर ले गए हैं। शिकायत के आधार पर थाना राजपुर में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, तकनीकी साक्ष्य जुटाए और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। जांच के दौरान पुलिस को अहम सुराग मिले, जिसके आधार पर 1 जुलाई 2026 को दिल्ली से महिला आरोपी बीना (60 वर्ष), निवासी मंगोलपुरी को गिरफ्तार किया गया।

पूछताछ में बीना ने बताया कि वह अपनी बहन और एक परिचित के साथ देहरादून घूमने आई थी। इसी दौरान राजपुर क्षेत्र में स्थित शोरूम की रेकी कर रात के समय अपने साथी रामकुमार (48 वर्ष), निवासी रोहिणी, दिल्ली के साथ ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। बीना की निशानदेही पर पुलिस ने रामकुमार को भी गिरफ्तार कर लिया। उसकी कार की तलाशी में चोरी की गई सभी पांच सिल्क की साड़ियां, दो लाख रुपये नकद तथा घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट डिजायर कार बरामद कर ली गई।

पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है और मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है। देहरादून पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई को बड़ी सफलता माना जा रहा है, क्योंकि घटना के कुछ ही दिनों के भीतर चोरी का खुलासा कर पूरा माल बरामद कर लिया गया।