अभिनेत्री उर्मिला सनावर गिरफ्तार, सहारनपुर से हरिद्वार पुलिस ने किया गिरफ्तार 

Astitva Times Desk
2 Min Read

 

हरिद्वार। अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर चर्चाओं में रहीं अभिनेत्री उर्मिला सनावर को हरिद्वार पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने रविवार को उत्तर प्रदेश के सहारनपुर स्थित उनके आवास पर दबिश देकर उन्हें गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी पूर्व विधायक सुरेश राठौर की बेटी की ओर से रानीपुर कोतवाली में दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर की गई है।
शिकायतकर्ता ने उर्मिला सनावर पर सोशल मीडिया के माध्यम से अश्लील एवं मानहानिकारक टिप्पणियां करने, व्हाट्सएप कॉल पर पांच करोड़ रुपये मांगने, रविदास धाम की संपत्ति अपने नाम कराने का दबाव बनाने और मांग पूरी नहीं होने पर जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए हैं।

पुलिस के अनुसार, 24 अक्टूबर की रात शिकायत मिलने के बाद रानीपुर कोतवाली में मुकदमा संख्या 387/2026 दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस टीम गठित की गई। प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिंह भंडारी के नेतृत्व में टीम ने सहारनपुर पहुंचकर उर्मिला सनावर को गिरफ्तार किया। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन भी बरामद करने का दावा किया है। पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 308(5), 308(7), 79, 356(3), 356(2) और स्त्री अशिष्ट रूपण (प्रतिषेध) अधिनियम की धारा 4/10 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। गिरफ्तारी के बाद उन्हें न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया की जा रही है।

 

गौरतलब है कि उर्मिला सनावर पिछले कुछ समय से अंकिता भंडारी हत्याकांड में कथित वीआईपी के नाम को लेकर किए गए खुलासों और वायरल ऑडियो के कारण चर्चा में थीं। इस मामले में उनकी और पूर्व विधायक सुरेश राठौर की भूमिका तथा दावों को लेकर उत्तराखंड में राजनीतिक हलचल भी देखने को मिली थी। इसी बीच 23 अक्टूबर को उर्मिला सनावर और सुरेश राठौर देहरादून की विशेष सीबीआई अदालत में नार्को टेस्ट और पॉलीग्राफ टेस्ट से संबंधित कार्यवाही के लिए पेश हुए थे। अब उनकी गिरफ्तारी ने इस पूरे घटनाक्रम को एक बार फिर सुर्खियों में ला दिया है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!