देहरादून। राजधानी देहरादून में स्वच्छता एवं ठोस अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था को अधिक प्रभावी, जवाबदेह और परिणामोन्मुख बनाने के लिए जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने नगर निगम, नगर निकायों, जिला पंचायत तथा कैंटोन्मेंट बोर्डों को कूड़ा निस्तारण के लिए अल्पकालिक (शॉर्ट टर्म) और दीर्घकालिक (लॉन्ग टर्म) कार्ययोजनाएं तैयार कर जमीनी स्तर पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही कूड़ा उठान एवं निस्तारण कार्यों की माइक्रो स्तर पर निगरानी किए जाने की बात कही है।
एनआईसी सभागार, कलेक्ट्रेट से आयोजित वर्चुअल समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण का निर्माण केवल सरकारी प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि इसके लिए जनसहभागिता और सभी विभागों के समन्वित प्रयास आवश्यक हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे केवल बैठकों और कार्यालयी समीक्षाओं तक सीमित न रहें, बल्कि स्वयं फील्ड में जाकर वास्तविक स्थिति का आकलन करें तथा क्षेत्रीय आवश्यकताओं के अनुरूप व्यवहारिक एवं स्थायी समाधान विकसित करें।
जिलाधिकारी डॉ. चौहान ने कहा कि जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में ऐसे स्थानों को चिन्हित किया जाए जहां नियमित रूप से कूड़ा डंप किया जा रहा है। इन स्थलों के लिए स्थायी समाधान तैयार कर व्यवस्थित कार्ययोजना के तहत कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में दोबारा ऐसी समस्या उत्पन्न न हो। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्वच्छता व्यवस्था में किसी भी स्तर की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय करते हुए नियमित समीक्षा की जाएगी। बैठक में नगर निगम, नगर पालिका परिषदों, नगर पंचायतों, जिला पंचायत तथा कैंटोन्मेंट बोर्डों को अपने-अपने क्षेत्रों में कूड़ा संग्रहण, परिवहन एवं वैज्ञानिक निस्तारण की व्यवस्थाओं को और अधिक मजबूत बनाने के निर्देश दिए गए। साथ ही स्वच्छता संबंधी शिकायतों के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण पर विशेष जोर दिया गया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने आमजन से भी स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि नागरिक अपने आसपास की समस्याओं जैसे स्ट्रीट लाइट खराब होना, यातायात सिग्नल की खराबी, साइन बोर्ड की क्षति, सड़क, नाली, कूड़ा निस्तारण अथवा अन्य जनसुविधाओं से जुड़ी शिकायतों की फोटो, लोकेशन और संक्षिप्त विवरण के साथ डीआईपीआर देहरादून के फेसबुक एवं इंस्टाग्राम पेज पर टैग करें। प्राप्त सूचनाओं एवं शिकायतों पर संबंधित विभागों के माध्यम से त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित देहरादून के निर्माण के लिए प्रशासन पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है तथा जनसहयोग से इस अभियान को और अधिक सफल बनाया जाएगा। बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) के.के. मिश्रा सहित अन्य अधिकारी एनआईसी सभागार में उपस्थित रहे, जबकि नगर निगम, विभिन्न नगर निकायों, कैंटोन्मेंट बोर्डों तथा संबंधित विभागों के अधिकारी वर्चुअल माध्यम से बैठक में शामिल हुए।












