झगड रहे लोगों में बीच-बचाव कराने पहुंचे भाजपा विधायक पर फायर, बाल बाल बचे..

MS Malik
By
2 Min Read

देहरादून। देर रात झगड़े का बीच-बचाव कर रहे रुद्रपुर से विधायक राजकुमार ठुकराल पर एक व्यक्ति ने फायर कर दिया। घटना में विधायक बाल-बाल बचे। लेकिन आरोपी की चलायी दूसरी गोली से पूर्व ग्राम प्रधान घायल हो गया. जिसके बाद ग्राम प्रधान को पुलिस ने जिला अस्पताल भर्ती कराया.घटना शनिवार देर रात की बताई जा रही हैं।

जानकारी के अनुसार विधायक राजकुमार ठुकराल शनिवार देर रात करीब साढ़े दस बजे काशीपुर रोड पर एलायंस कॉलोनी स्थित अपने घर के बाहर टहल रहे थे। बताया जा रहा है कि इसी बीच कॉलोनी के बाहर सड़क पर पूर्व ग्राम प्रधान नरेंद्र छाबड़ा ‘भोला’ और तरन सिंह कहलों की कारों की हल्की टक्कर हो गयी। विधायक ने पुलिस को बताया कि कहलों कार से उतरा और नरेंद्र की कार का शीशा तोड़कर गालीगलौज करने लगा। हंगामा देख विधायक ठुकराल और कॉलोनी के कुछ लोग बाहर आ गये।

विधायक का आरोप है कि उन्होंने बीचबचाव की कोशिश की। इसी बीच कहलों ने विदेशी पिस्टल निकाली और उन पर फायर झोंक दिया। विधायक के अनुसार फायर मिस होने से वह बाल-बाल बचे। इसी बीच आरोपी ने दूसरी गोली नरेंद्र छाबड़ा पर चला दी। गोली नरेंद्र के माथे को रगड़ते हुये निकली। गोली चलने से मौके पर भगदड़ मच गयी और आरोपी भाग निकला।

विधायक की सूचना पर एसएसपी दलीप सिंह कुंवर, एसपी सिटी ममता बोरा, सीओ सिटी अमित कुमार पुलिसबल संग मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। मौके से सीसीटीवी फुटेज ले लिये गये हैं। वहीं, घायल नरेंद्र को जिला अस्पताल पहुंचाया गया।

एसएसपी दलीप सिंह कुंवर ने बताया, दो वाहनों की टक्कर के बाद चालकों में मारपीट में विधायक बचाव के लिये पहुंचे थे। इसी दौरान आरोपी के फायरिंग करने का आरोप है। शुरुआती जांच में आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड की भी जानकारी मिली है। फुटेज की जांच की जा रही है। आरोपी की जल्द ही गिरफ्तारी हो जायेगी।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!