क्षेत्रीय पार्षद सुमन बुटोला एवं पूर्व पार्षद सुखबीर बुटोला के नेतृत्व में राज्यपाल और मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन, आशारोड़ी रेंज के क्षेत्राधिकारी को हटाने की भी उठाई मांग
देहरादून। राजधानी देहरादून के चंद्रबनी क्षेत्र में पिछले छह दशकों से अधिक समय से निवास कर रहे हजारों परिवारों के मालिकाना हक का मुद्दा एक बार फिर जोरदार तरीके से उठाया गया। धारा-4 की भूमि से संबंधित प्रतिबंधों को समाप्त करने और वर्षों से काबिज परिवारों को उनकी भूमि का मालिकाना हक प्रदान करने की मांग को लेकर बुधवार को चंद्रबनी क्षेत्र के ग्रामीणों ने पदयात्रा निकालकर अपनी एकजुटता और आक्रोश का प्रदर्शन किया।

क्षेत्रीय पार्षद श्रीमती सुमन बुटोला एवं पूर्व पार्षद भाजपा नेता सुखबीर बुटोला के नेतृत्व में आयोजित यह पदयात्रा परेड ग्राउंड से प्रारंभ होकर जिलाधिकारी कार्यालय पहुंची। यहां ग्रामीणों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर माननीय राज्यपाल एवं माननीय मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन प्रेषित किया और सरकार से वर्षों पुरानी समस्या का स्थायी समाधान करने की पुरजोर मांग की।
ज्ञापन के माध्यम से ग्रामीणों ने बताया कि चंद्रबनी क्षेत्र में लगभग 5,000 परिवार पिछले 60 वर्षों से भी अधिक समय से निवास कर रहे हैं। इन परिवारों की पीढ़ियां इसी भूमि पर गुजर-बसर करती आ रही हैं, लेकिन भूमि धारा-4 के अंतर्गत होने के कारण आज भी हजारों परिवार मालिकाना हक से वंचित हैं। ग्रामीणों का कहना है कि इतने लंबे समय से निवास करने के बावजूद उन्हें अपनी भूमि का वैधानिक स्वामित्व नहीं मिल पाना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।

ग्रामीणों ने सरकार से मांग की कि चंद्रबनी क्षेत्र की भूमि से धारा-4 की व्यवस्था समाप्त करने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाए तथा वर्षों से काबिज परिवारों को उनकी भूमि का मालिकाना हक प्रदान किया जाए। उनका कहना है कि जब हजारों परिवार दशकों से इस क्षेत्र में रह रहे हैं और उनकी सामाजिक एवं पारिवारिक जड़ें इसी भूमि से जुड़ी हैं, तो उन्हें मालिकाना अधिकार देने के लिए सरकार को संवेदनशीलता के साथ ठोस निर्णय लेना चाहिए।
आशारोड़ी रेंज के क्षेत्राधिकारी को हटाने की भी मांग
पदयात्रा के दौरान ग्रामीणों ने आशारोड़ी रेंज के क्षेत्राधिकारी की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए। ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि संबंधित अधिकारी एवं उनके कर्मचारियों द्वारा क्षेत्र के ग्रामीणों को अनावश्यक रूप से परेशान किया जा रहा है। ग्रामीणों ने इस संबंध में उचित जांच कराते हुए क्षेत्राधिकारी को पद से हटाने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि क्षेत्रवासियों को अनावश्यक उत्पीड़न से राहत मिलनी चाहिए और प्रशासन को उनकी समस्याओं का समाधान प्राथमिकता से करना चाहिए।
पदयात्रा में शामिल ग्रामीणों ने कहा कि धारा-4 का मुद्दा केवल जमीन का मामला नहीं, बल्कि हजारों परिवारों के सम्मान, सुरक्षा और भविष्य से जुड़ा हुआ है। छह दशक से अधिक समय से निवासरत परिवार आज भी अपने ही आशियाने के मालिकाना अधिकार के लिए संघर्ष करने को मजबूर हैं। ग्रामीणों ने सरकार से आग्रह किया कि इस मानवीय एवं जनहित से जुड़े मामले को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र सकारात्मक निर्णय लिया जाए। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री तक पहुंचाया गया उनका ज्ञापन शासन- प्रशासन का ध्यान इस गंभीर समस्या की ओर आकर्षित करेगा और चंद्रबनी के हजारों परिवारों को जल्द ही मालिकाना हक मिलने का रास्ता साफ होगा।
पदयात्रा एवं ज्ञापन कार्यक्रम में क्षेत्रीय पार्षद श्रीमती सुमन बुटोला, पूर्व पार्षद भाजपा नेता सुखबीर बुटोला, अजय गोयल, पूर्व ग्राम प्रधान मोहबेवाला भगवान सिंह बिष्ट, अनिल ढकाल, विलोचन प्रसाद शर्मा, विकास कश्यप, अनीश भटनागर, राधा गुप्ता, पुष्पा भंडारी, भगवान सिंह, अनूप चौहान, देवेंद्र कोठारी, मनोज कोठारी, राधेश्याम कश्यप, कर्म सिंह पंवार, रामपाल सिंह राठौड़, सुखपाल कोली, राकेश कुकरेती, मनोज पंत, महेश घोष, रेखा देवी, रीना गौड़, कृष्ण पाल, मनीष थापा सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोग एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

धारा-4 समाप्त करने की मांग को लेकर सड़कों पर उतरे चंद्रबनीवासी, परेड ग्राउंड से डीएम कार्यालय तक निकाली पदयात्रा
Leave a Comment