नाबालिग को दी गाड़ी- जेब पर पड़ी भारी; 40 हज़ार जुर्माने के साथ ही गाड़ी भी सीज

2

 

देहरादून। यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और सड़क सुरक्षा नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से कोतवाली मसूरी पुलिस द्वारा “ऑपरेशन प्रहार” के तहत विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान पुलिस ने नाबालिग द्वारा वाहन चलाने के मामले में सख्त कार्रवाई करते हुए बाइक सीज कर दी और 40 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया।

जानकारी के अनुसार, लाइब्रेरी चौक पर चेकिंग के दौरान एक रॉयल एनफील्ड बुलेट बाइक संख्या UP11 BZ 9156 तेज आवाज और पटाखे जैसी ध्वनि निकालते हुए गुजर रही थी। पुलिस टीम ने वाहन को रोककर जांच की तो पता चला कि बाइक चला रहा युवक मात्र 16 वर्ष का है और वह सहारनपुर से मसूरी घूमने आया था। नाबालिग के वाहन चलाने पर पुलिस ने मोटर वाहन अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए वाहन का चालान किया। इस दौरान कुल 40 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया तथा बाइक को सीज कर दिया गया। बाद में नाबालिग युवक को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।

पुलिस द्वारा चलाए गए इस विशेष अभियान के दौरान काली फिल्म लगाकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। कई वाहनों से मौके पर ही काली फिल्म उतरवाई गई और चालान किए गए। वहीं सड़क किनारे अवैध रूप से खड़े वाहनों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई करते हुए पुलिस ने चालान काटे। मसूरी पुलिस ने लोगों से अपील की है कि नाबालिगों को वाहन चलाने के लिए न दें और यातायात नियमों का पालन करें, ताकि सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।