बुखार से महिला समेत दो की मौत, स्वास्थ्य विभाग ने शिविर लगाकर लिए लोगों के सैंपल

Astitva Times Desk
2 Min Read

 

देहरादून। हरिद्वार जिले के नारसन ब्लॉक के मुंडलाना गांव में डेंगू बुखार का कहर फैलने से हड़कंप मच गया है। गांव में बुखार से दो लोगों की मौत की खबर के बाद स्वास्थ्य विभाग में अफरा-तफरी का माहौल है। मामले की गंभीरता को देखते हुए बैक्टीरिया जनित रोग नियंत्रण टीम मौके पर पहुंची और मृतकों के घर जाकर परिजनों से मुलाकात की। टीम ने संभावित बुखार से हुई मौत के कारणों की गहन जानकारी ली।

जिला मलेरिया अधिकारी सीएम अंथवाल ने बताया कि मृतकों की पहचान 32 वर्षीय सितारा और 22 वर्षीय रतन लाल के रूप में हुई है। हालांकि परिजनों ने किसी अस्पताल की पर्ची या जांच रिपोर्ट न होने की बात कही, जिससे मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। इसके बावजूद स्वास्थ्य विभाग ने गांव में डेंगू की आशंका को देखते हुए ताबड़तोड़ जांच अभियान शुरू कर दिया है।

टीम द्वारा गांव में 60 घरों का सर्वे किया गया, जिसमें 112 बर्तनों और टंकियों में पानी की जांच की गई। इनमें से छह जगहों पर डेंगू मच्छर के लार्वा पाए गए। वहीं, छह ग्रामीणों में बुखार के लक्षण मिले। स्वास्थ्य विभाग ने तुरंत गांव में एक स्वास्थ्य शिविर लगाया, जिसमें 106 लोगों की जांच की गई और 58 लोगों के सैंपल लिए गए। सभी संदिग्ध मरीजों को मौके पर दवाइयां उपलब्ध कराई गईं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पूरे गांव में थर्मल फॉगिंग की गई और डेंगू की रोकथाम को लेकर व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। टीम ने घर-घर जाकर लोगों को डेंगू से बचाव के उपाय बताए, पंपलेट बांटे और गांव की दीवारों पर जागरूकता पोस्टर चस्पा किए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से गांव में अज्ञात बुखार का प्रकोप लगातार बढ़ रहा है और कई लोग इससे पीड़ित हैं। प्रशासन अब पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। स्वास्थ्य विभाग की टीमें लगातार गांव का दौरा कर रही हैं और लार्वा नष्ट करने के साथ ही लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दे रही हैं।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!