भाजपा नेता रतन सिंह चौहान ने लिया महंत देवेन्द्र दास जी महाराज का आशीर्वाद

8

 

देहरादून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के सफल 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा देशभर में चलाए जा रहे ‘विकास, विरासत और जनकल्याण’ आधारित विशिष्ट जनसंपर्क अभियान के अंतर्गत आज धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र में भाजपा के प्रांतीय परिषद सदस्य एवं पूर्व जिला महामंत्री रतन सिंह चौहान ने गुरु राम राय दरबार पहुंचकर वर्तमान महंत श्री देवेन्द्र दास जी महाराज से शिष्टाचार भेंट की तथा उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।

इस दौरान भाजपा नेता रतन सिंह चौहान ने महंत श्री देवेन्द्र दास जी महाराज को शाल ओढ़ाकर तथा वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप जी का चित्र भेंट कर सम्मानित किया। मुलाकात के दौरान देश के विकास, सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण तथा केंद्र सरकार द्वारा पिछले 12 वर्षों में संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं ऐतिहासिक उपलब्धियों पर चर्चा हुई।

रतन सिंह चौहान का कहना है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने विकास, सुशासन, आत्मनिर्भरता, गरीब कल्याण, महिला सशक्तिकरण, आधारभूत संरचना निर्माण तथा वैश्विक प्रतिष्ठा के क्षेत्र में अभूतपूर्व उपलब्धियां हासिल की हैं। केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का कार्य निरंतर किया जा रहा है, जिससे आमजन के जीवन स्तर में सकारात्मक परिवर्तन आया है। भाजपा कार्यकर्ता सरकार की उपलब्धियों और जनहितकारी नीतियों को घर-घर पहुंचाने के लिए समर्पित भाव से कार्य कर रहे हैं। इसी क्रम में समाज के प्रतिष्ठित संतों, धर्माचार्यों एवं प्रबुद्ध नागरिकों से संपर्क कर उनका मार्गदर्शन और आशीर्वाद प्राप्त किया जा रहा है।

रतन सिंह चौहान के अनुसार आगामी धर्मपुर विधानसभा चुनाव के संदर्भ में भी महंत श्री देवेन्द्र दास जी महाराज का आशीर्वाद प्राप्त किया और जनसेवा के अपने संकल्प को दोहराया। उन्होंने कहा कि धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र के सर्वांगीण विकास, जनता की समस्याओं के समाधान तथा क्षेत्र की प्रगति के लिए वे निरंतर कार्य करते रहेंगे। महंत श्री देवेन्द्र दास जी महाराज ने समाजहित एवं राष्ट्रहित में किए जा रहे सकारात्मक प्रयासों की सराहना करते हुए रतन सिंह चौहान को शुभकामनाएं एवं अपना आशीर्वाद प्रदान किया।