देहरादून। प्रदेश के समाज कल्याण, अनुसूचित जाति -जनजाति एवं अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री खजान दास ने शनिवार को लोक भवन में उत्तराखण्ड के राज्यपाल गुरमीत सिंह से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान राज्य में संचालित विभिन्न सामाजिक कल्याणकारी योजनाओं तथा समाज के कमजोर वर्गों के उत्थान से जुड़े विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। भेंट के दौरान मंत्री खजान दास ने राज्यपाल को समाज कल्याण विभाग, अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण विभाग तथा अल्पसंख्यक कल्याण विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की प्रगति से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
मंत्री ने राज्य में गरीब, पिछड़े और वंचित वर्गों के सामाजिक-आर्थिक उत्थान के लिए चलाई जा रही छात्रवृत्ति योजनाओं, पेंशन योजनाओं, आवास सहायता और अन्य कल्याणकारी कार्यक्रमों की जानकारी भी राज्यपाल को दी। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से मिल सके। इस अवसर पर दोनों के बीच राज्य में सामाजिक न्याय को और अधिक सुदृढ़ बनाने, अनुसूचित जाति-जनजाति तथा अल्पसंख्यक समुदाय के विकास के लिए नई पहल शुरू करने और मौजूदा योजनाओं को अधिक प्रभावी बनाने के विषय में भी चर्चा हुई।
मंत्री खजान दास ने बताया कि राज्यपाल से मुलाकात के दौरान उन्हें विभिन्न विषयों पर मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। उन्होंने कहा कि राज्यपाल से मिलकर उन्हें काफी प्रसन्नता हुई और उनके सुझाव विभाग की योजनाओं को और बेहतर ढंग से लागू करने में सहायक सिद्ध होंगे। इस शिष्टाचार भेंट के दौरान राज्य के सामाजिक विकास, जनकल्याण तथा विभिन्न नीतिगत विषयों पर सकारात्मक विचार-विमर्श हुआ। मंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि राज्य सरकार की योजनाओं से समाज के कमजोर और जरूरतमंद वर्गों को व्यापक लाभ मिलेगा।










