श्रीनगर दौरे पर कैबिनेट मंत्री डॉ0 धन सिंह रावत, क्षेत्र में विभिन्न योजनाओं का करेंगे शिलान्यास एवं लोकार्पण

MS Malik
By
4 Min Read

विधानसभा क्षेत्र के विद्यालयों, महाविद्यालयों, अस्पतालों एवं वेलनेस सेंटरों का करेंगे निरीक्षण

देहरादून। प्रदेश के कैबिनेट मंत्री डॉ0 धन सिंह रावत श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र के चार दिवसीय दौरे पर हैं। डॉ0 रावत अपने भ्रमण के दौरान क्षेत्र के विभिन्न स्कूलों, महाविद्यालयों, चिकित्सा इकाईयों व हेल्थ एंड वेलनेस सेंटरों का औचक निरीक्षण करेंगे। इस दौरान वह विधानसभा क्षेत्र की शिक्षा व्यवस्था व स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति भी परखेंगे। इसके अलावा डॉ0 रावत क्षेत्र में विभिन्न विकासपरक योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे। अपने विधानभा क्षेत्र भ्रमण की शुरूआत उन्होंने कोटद्वार विधानसभा क्षेत्र से की जहां उन्होंने विभिन्न चिकित्सा इकाईयों का निरीक्षण किया। वहीं भ्रमण के दूसरे दिन डॉ0 रावत ने श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र के तलैया, मेलधार, उल्याणी एवं उफरैंखाल में विभिन्न योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया साथ ही मेलधार, लिंग्डूया, भेडगांव तल्ला एवं भरनों के ग्रामीणों को सांस्कृतिक सामग्री वितरित की। डॉ0 रावत ने इस दौरान सभी लोगों से कोरोना संक्रमण की बढ़ती आशंका को देखते हुये सतर्क रहने की अपील भी की।

श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र भ्रमण के दौरान कैबिनेट मंत्री डॉ0 धन सिंह रावत ने मीडिया को जारी एक बयान में बताया कि वह कोटद्वार विधानसभा क्षेत्र सहित अपने विधानसभा क्षेत्र के चार दिवसीय दौरे पर हैं। अपने दौरे के दौरान वह विभिन्न शिक्षण संस्थानों, चिकित्सा इकाईयों व हेल्थ एंड वेलनेस सेंटरों की व्यवस्थाओं का जायजा लेंगे। डॉ0 रावत मंगलवार को श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र के सेरामाण्डे में पीएमजीएसवाई गणतखाल-डडोली तल्ली से सेरामाण्डे गांव की सड़क का शिलान्यास करेंगे साथ ही इस सड़क पर निर्माणाधीन पुल का निरीक्षण भी करेंगे। इसके पश्चात डॉ0 रावत राजकीय इंटर कॉलेज बूंगीधार में भौतिक विज्ञान, जीव विज्ञान प्रयोगशाला एवं शौचालय का शिलान्यास करेंगे, साथ ही प्राथमिक विद्यालय मन्यारगांव के मरम्मत कार्यों का शिलान्यास, प्राथमिक विद्यालय मनसारी, किमवाड़ी एवं पीपलकोट सहित उच्चचर माध्यमिक विद्यालय मन्यारगांव, पापतोली का शिलान्यास करेंगे। इसके अलावा वह जूनियर हाईस्कूल भनरखाल एवं प्राथमिक विद्यालय स्यूंसाल के शौचालय निर्माण का भी शिलान्यास करेंगे। कार्यक्रम के दौरान डॉ0 रावत विद्यालय प्रांगण में ही भिक्यासैंण-देघाट-बूंगीधार-महलचौरी-बछुआवाण-चौखुटिया मोटर मार्ग के अंतर्गत किये गये निर्माण कार्यों का लोकार्पण करेंगे, इसके अलावा थलीसैंण के अंतर्गत बूंगीधार से स्यूंसाल सम्पर्क मोटर मार्ग एवं लोनिवि बूंगीधार में अतिथि कक्षा-कक्ष का लोकार्पण करेंगे। बूंगीधार में डॉ0 रावत द्वारा पीएम आवास योजना के तहत लाभार्थियों को ‘आवास स्वीकृति पत्र’ तथा पं0 दीनदयाल किसान कल्याण योजना के तहत किसानों को चैक वितरित किये जायेंगे। मैखोली में कैबिनेट मंत्री डॉ0 रावत राजकीय प्राथमिक विद्यालय के मरम्मत एवं सौन्दर्यीकरण कार्यां का शिलान्यास करेंगे, वहीं पीठसैंण पहुंच कर नेताजी सुभाष चन्द्र बोस आवासीय विद्यालय के छात्रावास, पेयजल योजना, वीर चन्द्र सिंह गढ़वाली स्मारक की सुरक्षा दीवार का शिलान्यास करेंगे। इसके बाद वह रणगांव में रणगांव-भैलासैंण मोटर मार्ग के विस्तारीकरण का शिलान्यास एवं घूरी में ग्रामवासियों को सांस्कृतिक सामग्री वितरित करेंगे। बुधवार को डॉ0 रावत कैन्यूर में राष्ट्रीय राजमार्ग-121 से कैन्यूर गांव तक मोटर मार्ग के डामरीकरण का लोकार्पण करेंगे। इसके पश्चात वह राजकीय इंटर कॉलेज थलीसैंण में राजकीय प्राथमिक विद्यालय कफल्ड, घूरी एवं जल्लू के मरम्मत एवं सौंन्दर्यीकरण कार्यों का शिलान्यास करेंगे। इसके अलावा वह पंडित दीनदयाल किसान कल्याण योजना के तहत किसानों को चैक एवं प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत लाभार्थियों को आवास स्वीकृति पत्र वितरित करेंगे। इससे पूर्व आज डॉ0 रावत ने राजकीय महाविद्यालय उफरैंखाल में क्षेत्र की विभिन्न योजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण कर स्थानीय लोगों की मांगों को पूरा किया।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!