सैकड़ों फीट गहरी खाई में गिरी कार, दो महिलाओं समेत चार लोगों की मौत

6

 

देहरादून। प्रसिद्ध पर्यटन स्थल मसूरी में बुधवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। उत्तरकाशी से लौट रही एक कार झड़ीपानी शॉर्टकट मार्ग पर अचानक अनियंत्रित होकर सैकड़ों फीट गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार दो पुरुष और दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह करीब 9:15 बजे मसूरी कंट्रोल रूम को झड़ीपानी मार्ग पर एक कार के खाई में गिरने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही मसूरी थाना पुलिस, एसडीआरएफ, फायर ब्रिगेड तथा 108 एंबुलेंस की टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई। मौके पर पहुंची टीमों ने राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। स्थानीय लोगों के अनुसार हादसे से कुछ समय पहले कार सवार लोग सड़क किनारे स्थित एक दुकान पर रुके थे। वहां से कुछ सामान खरीदने के बाद जब उन्होंने कार स्टार्ट की, तभी वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और सीधे गहरी खाई में जा गिरा। हादसा इतना भयावह था कि कार कई सौ फीट नीचे जाकर क्षतिग्रस्त हो गई।

पुलिस के अनुसार कार में चार लोग सवार थे, जिनकी पहचान संगीता, सविता, मानिक और सत्य प्रकाश के रूप में हुई है। सभी गाजियाबाद के निवासी थे और उत्तरकाशी से वापस लौट रहे थे। हादसे की सूचना मृतकों के परिजनों को दे दी गई है पुलिस ने घटनास्थल से एक शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, जबकि अन्य शवों को निकालने का प्रयास जारी है। पुलिस हादसे के कारणों की भी जांच कर रही है।

प्रारंभिक जांच में वाहन के अचानक अनियंत्रित होने की बात सामने आई है, हालांकि तकनीकी खराबी अथवा अन्य कारणों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी। इस दर्दनाक हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है। स्थानीय प्रशासन ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए रेस्क्यू अभियान को तेज करने के निर्देश दिए हैं। वहीं, पुलिस लोगों से पर्वतीय क्षेत्रों में वाहन चलाते समय विशेष सावधानी बरतने की अपील कर रही है।