देहरादून। भारतीय जनता पार्टी महानगर देहरादून ने भारतीय निर्वाचन आयोग द्वारा संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान को सफल बनाने के लिए विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में महत्वपूर्ण बैठकों एवं जनसहयोग शिविरों का आयोजन किया। कार्यक्रमों के माध्यम से मतदाता सूची के शुद्धीकरण, नए मतदाताओं के पंजीकरण तथा पात्र नागरिकों को अभियान से जोड़ने पर विशेष जोर दिया गया।
महानगर भाजपा कार्यालय में धर्मपुर विधानसभा की एसआईआर संबंधी बैठक आयोजित की गई, जिसमें धर्मपुर विधायक विनोद चमोली सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। बैठक में मतदाता सूची को त्रुटिरहित एवं अद्यतन बनाने, नए मतदाताओं का नाम जोड़ने तथा बूथ स्तर तक अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यकर्ताओं से अभियान को घर-घर तक पहुंचाने और अधिकाधिक नागरिकों को इससे जोड़ने का आह्वान किया गया।
महानगर भाजपा कार्यालय में रायपुर विधानसभा की एसआईआर बैठक भी आयोजित हुई। बैठक में रायपुर विधायक उमेश शर्मा काऊ, महापौर सौरभ थपलियाल सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने सहभागिता की। बैठक में संगठनात्मक समन्वय को और मजबूत बनाने, मतदाता जागरूकता बढ़ाने तथा प्रत्येक पात्र मतदाता को पुनरीक्षण प्रक्रिया से जोड़ने पर विशेष बल दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए शुद्ध एवं अद्यतन मतदाता सूची अत्यंत आवश्यक है।
कैंट विधानसभा क्षेत्र के वार्ड संख्या-43 स्थित द्रोणपुरी के भवानी शंकर मंदिर परिसर में एसआईआर अभियान के अंतर्गत सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में स्थानीय नागरिकों को मतदाता सूची में नाम जोड़ने, संशोधन कराने और आवश्यक दस्तावेजों की पूर्ति के लिए सहायता प्रदान की गई। बड़ी संख्या में लोगों ने शिविर में पहुंचकर अभियान का लाभ उठाया। शिविर में क्षेत्रवासियों को नि:शुल्क पासपोर्ट आकार के फोटोग्राफ उपलब्ध कराए गए, जिससे उन्हें आवेदन पत्र एवं अन्य आवश्यक दस्तावेज तैयार करने में सुविधा मिली। सैकड़ों नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी करते हुए लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूत बनाने में अपनी भूमिका निभाई।
भाजपा महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ उमेश अग्रवाल ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान लोकतंत्र को अधिक सशक्त, पारदर्शी और सहभागी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में सही और अद्यतन रूप में दर्ज होना लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूती का आधार है। भाजपा संगठन बूथ स्तर तक अपने कार्यकर्ताओं के माध्यम से आमजन को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराकर अभियान को सफल बनाने के लिए पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से घर-घर संपर्क कर अधिक से अधिक नागरिकों को अभियान से जोड़ने तथा शत-प्रतिशत पात्र मतदाताओं का पंजीकरण सुनिश्चित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शुद्ध एवं त्रुटिरहित मतदाता सूची ही सशक्त लोकतंत्र की पहचान है और इस दिशा में समाज के प्रत्येक वर्ग का सहयोग आवश्यक है। भाजपा संगठन लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा और नागरिक सहभागिता को बढ़ावा देने के लिए निरंतर कार्य करता रहेगा। इस अवसर पर रजनी देवी, मनोज कांबोज, अजय सिंह, सुन्देश्वर ठाकुर, सुषमा पंवार, संयोजक राज डिमरी, राजेश सिंह, नीरज रतूड़ी, मुकेश डबराल, राकेश चौहान, सुरेश प्रसाद, राजेश बडोनी, कुलदीप पंत, विपिन कांबोज, सन्नी थापा सहित अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।














