वीडियो: चंद्रबनी में मकान का लेंटर गिरने से महिला घायल; बुटोला ने उठाई आर्थिक सहायता की मांग

4

 

देहरादून। राजधानी देहरादून के वार्ड संख्या 91 अंतर्गत चंद्रबनी (धारा वाली) क्षेत्र में सोमवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। यहां अशोक क्षेत्री पुत्र राम बहादुर के मकान का लेंटर अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे के समय धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। इस दुर्घटना में अशोक क्षेत्री की पत्नी कला देवी के पैर में चोट लगने से वह घायल हो गईं, जबकि अन्य परिजन सुरक्षित रहे। समय रहते लोग बाहर निकल गए, जिससे एक बड़ी जनहानि टल गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार लेंटर गिरने से क्षेत्र में अफरा- तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू करते हुए पीड़ित परिवार की मदद की। हादसे में मकान को भारी नुकसान पहुंचा है, जिससे परिवार के सामने रहने और सुरक्षा का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। घटना के बाद वरिष्ठ भाजपा नेता पूर्व पार्षद सुखबीर बुटोला ने ने प्रशासन से मौके का निरीक्षण कर हादसे के कारणों की निष्पक्ष जांच कराने तथा पीड़ित परिवार को शीघ्र आर्थिक सहायता और आवश्यक राहत उपलब्ध कराने की मांग की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि हादसे के समय परिवार के सदस्य लेंटर के नीचे मौजूद होते तो यह दुर्घटना जानलेवा साबित हो सकती थी।

पूर्व पार्षद सुखबीर बुटोला ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना जताई है। उन्होंने जिला प्रशासन और राज्य सरकार से मांग की है कि प्रभावित परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाए, ताकि वह इस कठिन समय से उबर सके। उन्होंने कहा कि प्रशासन को मामले का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए पीड़ित परिवार को हरसंभव राहत प्रदान करनी चाहिए।