अच्छी खबर: दिल्ली हाईवे से जुड़ेगा पांवटा साहिब राजमार्ग, धनराशि मंजूर

MS Malik
By
2 Min Read

झाझरा-आशारोड़ी मार्ग के लिए 715.97 करोड़ मंजूर, मुख्यमंत्री धामी की पैरवी पर केंद्र सरकार ने दी मंजूरी

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की मांग पर केंद्र सरकार ने झाझरा-अशारोड़ी सम्पर्क मार्ग के लिए ₹715.97 करोड़ की धनराशि मंजूर की है। करीब 12.17 किमी इस मार्ग के बनने से जहां दिल्ली हाईवे सीधे पांवटा साहिब मार्ग से जुड़ जाएगा, वहीं देहरादून शहर में ट्रैफिक का दबाव भी कम हो सकेगा। मुख्यमंत्री ने इस महत्वपूर्ण सड़क के लिए धनराशि मंजूर किए जाने पर प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री श्री नितिन गडकरी का आभार प्रकट किया है।

देहरादून शहर में यातायात के बढ़ते दबाव को देखते हुए दिल्ली हाईवे को सीधे पांवटा साहिब राजमार्ग से जोड़ने की योजना बनाई गई थी। लेकिन बजट के अभाव में योजना आगे नहीं बढ़ पाई। मुख्यमंत्री धामी की ओर से बजट स्वीकृति के लिए केंद्र से बजट के लिए लगातार पैरवी की गई। जिसके बाद केंद्र सरकार ने इस मार्ग के लिए धनराशि की मंजूरी दे दी है।

इस मार्ग के बनने से दिल्ली राजमार्ग सीधे पांवटा साहिब राजमार्ग से जुड़ सकेगा। इससे दिल्ली की ओर से सेलाकुई इंडस्ट्रियल एरिया, पांवटा साहिब की ओर आने वाले वाहन सीधे झाझरा पहुंच सकेंगे। उन्हें अनावश्यक रूप से शहर में प्रवेश नहीं करना पड़ेगा। इसी प्रकार पांवटा साहिब से दून होकर दिल्ली की तरफ जाने वाले वाहन भी दून में प्रवेश नहीं करेंगे। इससे शहर में अतिरिक्त वाहन दबाव नहीं पड़ेगा, साथ ही वाहन प्रदूषण से भी शहरवासियों को काफी हद तक निजात मिलेगी।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!